News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
टोक्यो ओलम्पिक के ‘क्रिएटिव’ निर्देशक हिरोशी सासाकी ने इस्तीफा दिया टोक्यो। टोक्यो ओलम्पिक के ‘क्रिएटिव’ निर्देशक हिरोशी सासाकी ने एक मशहूर महिला कलाकार के बारे में अभद्र टिप्पणी करने के बाद इस्तीफा दे दिया। एक साल के लिये स्थगित हुए इन खेलों के लिये यह एक और झटका है और एक बार फिर से विवाद उठा है महिलाओं के बारे में टिप्पणी करने को लेकर। ओलम्पिक शुरू होने में महज चार महीने का समय रह गया है, और इस आयोजन को महामारी, रिकार्ड खर्चों और कई घोटालों का सामना करना पड़ा है। सासाकी पर 23 जुलाई से शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों के उद्घाटन और समापन समारोह की जिम्मेदारी थी। पिछले साल उन्होंने अपने स्टाफ सदस्यों को कहा था कि मशहूर कलाकार नाओमी वाटानाबे समारोह में ‘ओलम्पिग’ के तौर पर परफोर्म कर सकती हैं। वाटानाबे जापान में बहुत मशहूर हैं। बताया जाता है कि वाटानाबे को उद्घाटन समारोह में एक पिग (सूअर) के वेष में आकाश से मंच पर उतारे जाने की योजना थी। सासाकी के अनुसार उन्होंने बात कहने के दौरान शब्द-खेल करते हुए ‘ओलम्पिक’ के साथ ‘ओलम्पिग’ का प्रयोग कर दिया था। खबरों के अनुसार सासाकी ने कहा कि उन्हें लगा कि इस तरह के गुलाबी वेष में जीभ निकाले हुए वाटनाबे बहुत क्यूट लगेंगी, लेकिन एकदम से पुरुष स्टाफ ने कड़ा विरोध जताया था। सासाकी ने गुरुवार को बयान जारी कहा कि वह अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष सेइको हाशिमोटो को फोन किया और अपना इस्तीफा दे दिया। सासाकी ने कहा, ‘नाओमी वाटानाबे के लिये मेरे विचार और टिप्पणी अपमानजनक हैं। इसके लिये माफ नहीं किया जा सकता। मुझे पछतावा है और मैं दिल से माफी मांगता हूं। ऐसा नहीं कहा जाना चाहिए था।’ फरवरी में आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी को अभद्र टिप्पणी करने के बाद इस्तीफा देने के लिये बाध्य होना पड़ा था। उन्होंने कहा था कि महिलाएं बैठकों में काफी ज्यादा बोलती हैं। दो साल पहले जापान ओलंपिक समिति के प्रमुख सुनेकाजू ताकेडा को घूसखोरी प्रकरण में अपने पद को छोड़ना पड़ा था।