News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खेलपथ प्रतिनिधि चंडीगढ़। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए प्रदेश से अधिक से अधिक खिलाड़ी क्वालीफाई करें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्वालीफाइड खिलाड़ियों को ओलम्पिक में भाग लेने के लिए अब कड़ी मेहनत करनी होगी। चूंकि लक्ष्य अब बेहद करीब है। सरकार हर कदम पर खिलाड़ियों के साथ है। खेलमंत्री संदीप सिंह ने रविवार को ब्रिस्क वॉक (पैदल चाल) रेस में ओलम्पिक गेम के लिए क्वालीफाई करने वाले बहादुरगढ़ के राहुल और महेंद्रगढ़ जिले के संदीप कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने कहा, ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को तैयारी के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से 5 लाख रुपये की राशि एडवांस दी जाएगी। साथ ही, सरकार ओलंपिक की तैयारियों के लिए खिलाड़ियों को सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को अपना मनोबल मजबूत रखना चाहिए, उसे हार-जीत की परवाह न करते हुए अपना बेस्ट परफॉर्मेंस देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार खेल विभाग लगातार प्रयास में जुटा है कि इस बार टोक्यो ओलम्पिक में हरियाणा के खिलाडि़यों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित हो। गौरतलब है कि महेंद्रगढ़ के सुरहेती जाखल निवासी संदीप पुनिया ने रांची में राष्ट्रीय ओपन रेस वॉकिंग प्रतियोगिता में पुरुष ग्रुप की 20 किलोमीटर की रेस को 1 घंटे 20 मिनट और 16 सेकेंड में जीतकर ओलम्पिक कोटा हासिल किया है। वहीं बहादुरगढ़ निवासी राहुल रोहिल्ला ने 1 घंटे 20 मिनट और 26 सेकेंड का समय लेकर यह उपलब्धि हासिल की है।