News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
लम्बीकूद में अकादमी के खिलाड़ी अविनाश कुमार को मिला कांस्य
36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता
खेलपथ प्रतिनिधि
भोपाल। गुवाहाटी में खेली जा रही 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी सुनील डाबर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर दौड़ में मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। सुनील ने 3 मिनट 48.46 सेकेंड के समय में दौड़ पूरी कर नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने गत वर्ष अपने स्वयं के 3 मिनट 48.52 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह नया रिकॉर्ड बनाया। प्रतियोगिता के लांगजंप इवेंट में अकादमी के खिलाड़ी अविनाश कुमार ने 6.89 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सुनील डाबर और अविनाश कुमार के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर हमारे खिलाड़ी मध्य प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने सुनील डाबर के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आदिवासी अंचल के सुनील डाबर मध्य प्रदेश के नए एथलेटिक्स चैम्पियन तो हैं ही, वे भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य की उम्मीद भी हैं। प्रतियोगिता में अकादमी के 22 खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता 10 फरवरी तक चलेगी। प्रतियोगिता के पहले दिन मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विवेक कुमार ने जैवलिन थ्रो में मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया था। उन्होंने यह पदक 72.83 मीटर भाला फेंक कर जीता। जबकि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी आदित्य कुमार सिंह ने लम्बीकूद में 7.35 मीटर कूदकर मध्य प्रदेश को कांस्य पदक दिलाया।