News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
18वीं फेडेरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2021
खेलपथ प्रतिनिधि
भोपाल। उत्तराखंड की युवा एथलीट रेशमा पटेल ने मंगलवार को भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में हुई 18वीं फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2021 में 10000 मीटर रेस वॉक में अंडर-20 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। 16 वर्षीय रेशमा ने अपनी पहली ही दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उन्होंने प्रियंका गोस्वामी के 2014 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा। उधर मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के इकराम अली खान, संदीप कुमार और हरिन्दर सिंह ने क्रमशः स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने डिस्कस थ्रो में दो और पोलवाल्ट में एक पदक सहित कुल तीन पदक अर्जित किए। बालक वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के इकराम अली खान ने 55.07 मीटर डिस्कस फेंककर स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के ही खिलाड़ी हरिन्दर सिंह ने 50.78 मीटर डिस्कस थ्रो कर कांस्य पदक अर्जित किया। जूनियर पोलवाल्ट स्पर्धा में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक अकादमी के खिलाड़ी संदीप कुमार ने 4.50 मीटर के साथ मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया।
भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में तीन दिवसीय 18वीं फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन बालिकाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल में 2014 के नेशनल रिकार्ड को तोड़ते हुए उत्तराखण्ड की रेशमा पटेल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रेशमा ने दौड़ 48 मिनट 25.90 सेकेण्ड में रेस पूरी की। पुराना नेशनल रिकार्ड विजयवाड़ा में 2014 में पी. गोस्वामी ने 49 मिनट 16.51 सेकेण्ड के नाम था। उत्तराखण्ड की रेश्मा पटेल ने नया नेशनल रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक, पंजाब की बलजीत कौर बाजवा ने रजत तथा उत्तरप्रदेश की मुनीता प्रजापति ने कांस्य पदक अर्जित किया।
बालिका वर्ग की बांसकूद प्रतियोगिता में हरियाणा ने स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किया। हरियाणा की पूजा ने 3.40 मीटर कूद कर स्वर्ण एवं ज्योति ने 3.00 मीटर कूदकर रजत पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता का कांस्य पदक गुजरात की मैसूरी टिंबाडिया ने जीता। इसी तरह बालक वर्ग की लम्बीकूद स्पर्धा में तमिलनाडु के खिलाड़ी जेसविन एल्ड्रिन ने 7.51 मीटर कूदकर स्वर्ण, हरियाणा के खिलाड़ी भूपिन्दर सिंह ने 7.44 मीटर कूदकर रजत तथा कर्नाटक के अर्वा एस. ने 7.19 मीटर कूदकर कांस्य पदक अर्जित किया। बालक वर्ग की ऊंची कूद में हरियाणा के खिलाड़ी पीयूष सिंह पंवार ने 2.05 मीटर कूदकर स्वर्ण, महाराष्ट्र के अभार अतुल दत्ता ने 2.03 मीटर कूदकर रजत तथा तमीलनाडु के खिलाड़ी देवा कार्तिक डी. ने 1.99 मीटर कूदकर कांस्य पदक अर्जित किया।
बालिका वर्ग की चक्का फेंक प्रतियोगिता में हरियाणा की गरिमा ने 45.91 मीटर चक्का फेंककर स्वर्ण पदक, हरियाणा की ही पूजा ने 45.42 मीटर चक्का फेंककर रजत तथा महाराष्ट्र की सिद्धी शैलेन्द्र करन ने 40.49 मीटर चक्का फेंककर कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग की 100 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में केरल की खिलाड़ी एन. रोज टामी ने स्वर्ण पदक, पश्चिम बंगाल की खिलाड़ी मौमिता मोंडल ने रजत तथा तमिलनाडु की खिलाड़ी एस. श्रीरेशमा ने कांस्य पदक अर्जित किया। बालिका वर्ग की लम्बी कूद स्पर्धा में केरल की एनसी सोजन ई. सोजन ई. ने 6.12 मीटर के साथ स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र की खिलाड़ी शारवरी अविनाश पारूल ने (5.75 मीटर) रजत तथा महाराष्ट्र की ही कीशा तारक मोदी ने (5.73 मीटर) कांस्य पदक अर्जित किया।
110 मीटर बाधा दौड़ की बालक वर्ग स्पर्धा में महाराष्ट्र के खिलाड़ी विकास आनंद खोड़के ने स्वर्ण पदक अर्जित किया और नया नेशनल मीट रिकार्ड भी बनाया। पुराना नेशनल मीट रिकार्ड 2012 पुणे में अनीस अभय जोशी (14.05 सेकेण्ड) के नाम था। प्रतियोगिता का रजत पदक उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी उसैद खान ने जीता। कांस्य पदक तमिलनाडु के खिलाड़ी निशांतराजा जी. के नाम रहा। 400 मीटर दौड़ में हरियाणा की खिलाड़ी दीपांशी ने स्वर्ण पदक, दिल्ली की खिलाड़ी पायल वोहरा ने रजत तथा हरियाणा की खिलाड़ी हिमांशी मलिक ने कांस्य पदक अर्जित किया। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में हरियाणा के खिलाड़ी प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक, दिल्ली के खिलाड़ी अंश ने रजत तथा उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी लविश शर्मा ने कांस्य पदक जीता। पोलवाल्ट में हरियाणा के खिलाड़ी सन्नी ने (4.60 मीटर) स्वर्ण पदक अपने नाम किया।