News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
सरकार देश भर में 1000 खेलो इंडिया खेल केंद्र शुरू करेगी खेलपथ प्रतिनिधि नई दिल्ली। खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि है अगर भारत 2028 के ओलम्पिक में शीर्ष 10 में नहीं रहा तो उन्हें खेल मंत्री रहने का कोई महत्व नहीं है। इतना ही नहीं रिजिजू ने यह भी कहा कि अगर ऐसा सम्भव नहीं हुआ तो बतौर खेल मंत्री के रूप उनके कार्यकाल को नहीं गिना जाए। पुणे में खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र के उद्घाटन समारोह में रिजिजू ने कहा, अगर भारत 2028 ओलंपिक के पदक तालिका में शीर्ष 10 में नहीं आता है, तो खेल मंत्री के रूप में मेरे कार्यकाल को मत काउंट करिए। हमने एलान किया है कि, भारत लॉस एंजिल्स ओलम्पिक 2028 में शीर्ष 10 में होगा। इसके लिए हमने पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने आगे कहा कि 2021 में टोक्यो ओलम्पिक होने वाला है। हम यह नहीं कह रहे हैं कि हम चैम्पियन होंगे। मगर जो इस ओलम्पिक में भाग लेने जा रहे हैं, उसे हम हर तरह की मदद करेंगे। खेल मंत्री ने आगे कहा कि खेल के क्षेत्र में जो विकास हो रहा है, उसका प्रभाव 2024 के पेरिस ओलम्पिक में जरूर दिखेगा। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का इरादा देश भर में जिला स्तर पर 1000 खेलो इंडिया खेल केंद्र शुरू करने का है। रिजिजू ने कहा, 'मेरा उद्देश्य 2028 के ओलम्पिक द्वारा भारत को तालिका में शीर्ष 10 में लाना है और इसे संभव बनाने के लिए हमें जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं का निर्माण करना होगा। इसके लिए हम देश भर में जिला स्तर पर लगभग 1,000 खेलो इंडिया खेल केंद्र शुरू करना चाहते हैं।' उन्होंने कहा, 'हमारे पास देश में लगभग 700 जिले हैं, जिसका मतलब यह है कि हर जिले में कम से कम एक केन्द्र होगा, कुछ जिलों में एक से अधिक केन्द्र भी हो सकते हैं।'