News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खास मकसद से किया गया शामिल मुक्केबाजी और भारोत्तोलन में हुई कटौती नई दिल्ली। युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने पेरिस ओलम्पिक 2024 में ब्रेकडांस को जगह दी है। सच कहें तो ब्रेकडांस अब आधिकारिक तौर पर ओलम्पिक खेल हो गया है। पेरिस ओलम्पिक में मुक्केबाजी और भारोत्तोलन में खिलाड़ियों को कम भागीदारी दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने पेरिस में 2024 में होने वाले खेलों में ब्रेकडांस को शामिल कर लिया है। युवा दर्शकों को लुभाने के लिए आईओसी ने यह फैसला लिया है, इसके अलावा स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फिंग को भी इन खेलों में शामिल किया गया है। इन तीन खेलों को टोक्यो ओलम्पिक में शामिल किया जाना था जो कोरोना वायरस महामारी के कारण एक साल के लिए स्थगित कर दिए गए। आईओसी ने पेरिस खेलों में पदक स्पर्धाओं की संख्या टोक्यो की तुलना में 10 कम कर दी यानी अब वहां 329 पदक स्पर्धायें होंगी। भारोत्तोलन की चार श्रेणियां कम कर दी गई हैं, इसके साथ ही 2024 में खिलाड़ियों का कोटा 10500 होगा जो टोक्यो ओलम्पिक से 600 कम है। प्रशासनिक अनियमितताओं को झेल रहे मुक्केबाजी और भारोत्तोलन से सबसे ज्यादा कटौती की गई है। पेरिस खेलों में भाारोत्तोलन में 120 खिलाड़ी होंगे जो रियो डि जिनेरियो की तुलना में आधे से भी कम हैं। डोपिंग के इतिहास और सुधार लागू करने की धीमी गति के कारण इसे पूरा भी हटाया जा सकता था। आईओसी ने यह भी कहा कि ओलम्पिक में उसका दीर्घकालीन लक्ष्य पुरूष और महिला खिलाड़ियों की समान भागीदारी है। ब्रेकडांसिंग ओलम्पिक में ब्रेकिंग के नाम से जाना जाएगा जैसा कि इसे सत्तर के दशक में अमेरिका में कहा जाता था। पेरिस आयोजकों ने दो साल पहले ब्यूनस आयर्स में युवा खेलों में सफल ट्रायल के बाद इसे शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। आईओसी बोर्ड ने बाद में इसे मंजूरी दे दी। सर्फिंग का आयोजन 15000 किलोमीटर दूर प्रशांत महासागर में ताहिती के तटों पर होगा।