News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
बरात में केवल 20 आदमी ही आएंगे, विवाह में होंगे आठ फेरे खेलपथ प्रतिनिधि चण्डीगढ़। द्रोणाचार्य अवॉर्डी महाबीर फोगाट के घर एक बार फिर से शहनाई गूंजने वाली है और इस बार उनकी तीसरे नम्बर की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान संगीता फोगाट के हाथ पीले होने वाले हैं। संगीता 25 नवम्बर को अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया के साथ आठ फेरे लेंगी। कोरोना महामारी की वजह से शादी समारोह सादगीपूर्ण माहौल में बलाली गांव में ही सम्पन्न होगा। इससे पहले शनिवार से संगीता के बलाली स्थित घर पर शादी की रस्में शुरू हो गईं और बान की रस्म अदा की गई। समारोह में संगीता की बड़ी बहन एवं दंगल गर्ल गीता फोगाट भी शामिल हुईं। उनके अलावा केवल परिवार के सदस्य ही मौजूद रहे। संगीता के भाई राहुल ने बताया कि आज 24 नवम्बर को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि शादी बिल्कुल सादगी से सम्पन्न होगी जिसके लिए परिवार स्तर के समारोह की तैयारियां चल रही हैं। संगीता के पिता महाबीर फोगाट का कहना है कि दोनों परिवारों की रजामंदी से सगाई पहले ही कर दी गई थी। दोनों परिवारों ने मिलकर सादगीपूर्ण तरीके से शादी समारोह करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बरात में केवल 20 आदमी ही आएंगे। कोरोना के चलते स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। संगीता और बजरंग दोनों ही पेशेवर पहलवान हैं। बजरंग पूनिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने विश्व चैम्पियनशिप में अब तक तीन मेडल जीते हैं और टोक्यो ओलंपिक के पदक दावेदारों में से एक हैं वहीं संगीता फोगाट राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और एशियन चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। संगीता के पिता महाबीर फोगाट ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी गीता और बबीता फोगाट ने अपनी शादी में आठ फेरे लिए थे। आठवां फेरा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बेटी को खिलाओ के तहत था। उनकी तीसरी बेटी संगीता भी इस परंपरा को बरकरार रखेगी और बजरंग के साथ आठ फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधेगी।