News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
चेन्नई। भारतीय ग्रैंडमास्टर पी इनियन ने हाल में प्रतिष्ठित वार्षिक विश्व ओपन ऑनलाइन शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। अमेरिका के समय से सामंजस्य बैठाने के लिए उन्होंने रात को अभ्यास किया। तमिलनाडु के इनियन ने संभावित नौ में से 7.5 अंक जुटाए। वह छह जीत और तीन ड्रॉ के साथ शीर्ष पर रहे। गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इनियन ने अपने से अधिक रैंकिंग वाले कई ग्रैंडमास्टर को पछाड़कर खिताब जीता। खिताब के अपने सफर के दौरान इनियन ने जॉर्जिया के ग्रैंडमास्टर बादुर जोबावा, सैम सेवियान, अमेरिका के सर्गेई एरेनबर्ग और उक्रेन के निजिक इलिया जैसे ग्रैंडमास्टर को हराया। इनियन और जुगिरो सनन के समान 7.5 अंक रहे लेकिन तमिलनाडु के खिलाड़ी ने बेहतर टाईब्रेक स्कोर के कारण जीत दर्ज की। बता दें कि हाल ही में भारत की शतरंज टीम ने इतिहास रचते हुए ऑनलाइन विश्व शतरंज ओलंपियाड में पहली बार गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। भारत और रूस को इंटरनेट और सर्वर की खराबी के कारण रविवार को 2020 ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड में संयुक्त विजेता घोषित किया गया। पहले रूस को विजेता घोषित किया गया, क्योंकि फाइनल में भारत के दो खिलाड़ियों निहाल सरीन और दिव्या देशमुख ने सर्वर के साथ कनेक्शन नहीं बन पाने से समय गंवाया। भारत ने इस विवादास्पद फैसले पर विरोध व्यक्त किया, जिसके बाद इसकी समीक्षा की गई। अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के लिए यह पहला अवसर था जबकि उसने कोविड-19 महामारी के कारण ओलंपियाड का ऑनलाइन आयोजन किया।