News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया द्वारा अर्जुन पुरस्कार के लिए नॉमिनेट भारतीय पुरूष टीम के ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने गुरूवार को कहा कि उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें कामयाब बनाने में अहम भूमिका निभाई है। हॉकी इंडिया ने हरमनप्रीत, महिला टीम की सदस्य वंदना कटारिया और मोनिका के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए जबकि महिला टीम की कप्तान रानी का नाम खेल रत्न पुरस्कार के लिए भेजा है। पिछले साल रूस के खिलाफ एफआईएच ओलम्पिक क्वालीफायर जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य हरमनप्रीत ने कहा कि पिछले कुछ साल से अपने प्रदर्शन से मैं काफी खुश हूं। मैं इसलिए कामयाब हो सका क्योंकि टीम के बाकी खिलाड़ियों ने मेरी मदद की। उन्होंने कहा कि हॉकी टीम खेल है और हम सभी टीम की सफलता के लिए खेलते हैं। अगर गोल होता है तो गोल करने वाले का नहीं पूरी टीम का श्रेय होता है। हरमनप्रीत ने मोनिका, वंदना और रानी को भी बधाई देते हुए पिछले कुछ साल में उनके प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने यह भी कहा कि टोक्यो ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई करना पिछले साल टीम की सबसे बड़ी उपलब्धि थी। उन्होंने कहा कि अपने घरेलू दर्शकों के सामने ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करना सबसे बड़ी उपलब्धि रही। वह जिन्दगी भर याद रहेगा। हमारी टीम काफी संतुलित है और सभी ने जीत में योगदान दिया। अब हम ओलम्पिक में अच्छे प्रदर्शन की पूरी कोशिश करेंगे।