News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
बेंगलुरू। हॉकी इंडिया द्वारा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार नामांकन पाने से भावविभोर महिला हॉकी कप्तान रानी ने बुधवार को कहा कि इससे उन्हें देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। हॉकी इंडिया ने खेल रत्न के लिए रानी, जबकि अर्जुन पुरस्कार के लिए वंदना कटारिया, मोनिका और हरमनप्रीत सिंह के नाम की अनुशंसा की है। पद्मश्री सम्मान पा चुकीं रानी ने हॉकी इंडिया की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति में कहा,‘मैं भावविभोर हूं कि हॉकी इंडिया ने सर्वोच्च पुरस्कार के लिए मेरा नाम भेजा।
उनके लगातार समर्थन से टीम और मुझे अच्छे प्रदर्शन में मदद मिली है। मैं वंदना और मोनिका को बधाई देती हूं जो अर्जुन पुरस्कार की हकदार हैं। महिला टीम से दो खिलाड़ियों को नामांकन मिलना इस बात का सबूत है कि टीम सही दिशा में बढ़ रही है। इससे हमें आगे और अच्छा खेलने की प्रेरणा मिलेगी।’ रानी ने कोच शोर्ड मारिने को टीम में आत्मविश्वास भरने का श्रेय देते हुए कहा, ‘हमारे पास शानदार सहयोगी स्टाफ है। कोच शोर्ड मारिने हमें हमेशा दिल की बात कहने और साहसी बनने के लिए प्रेरित करते हैं।