News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमी ने जीते एक स्वर्ण, पांच रजत सहित 16 पदक
खेलपथ प्रतिनिधि
इंदौर। एशियन चैम्पियनशिप 2018 में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाली पहली भारतीय महिला स्नूकर खिलाड़ी अमी कमानी ने पिछले दिनों अहमदाबाद में खेली गई चतुर्थ राष्ट्रीय सिक्स रेड स्नूकर चैम्पियनशिप में लगातार चौथी बार राष्ट्रीय खिताब जीता। स्नूकर खिलाड़ी अमी कमानी ने 15 रेड स्नूकर, 6 रेड स्नूकर और बिलियर्ड्स को मिलाकर अब तक कुल नौ खिताब जीते हैं। अमी कमानी वर्तमान में सिक्स रेड वर्ल्ड रैंकिंग नम्बर-2 स्नूकर खिलाड़ी हैं। अमी कमानी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश को एक स्वर्ण, 5 रजत और 10 कांस्य सहित 16 पदक दिलाए हैं। जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 9 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित 13 पदक जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
राष्ट्रीय सिक्स रेड स्नूकर चैम्पियनशिप में अमी कमानी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कर्नाटक की खिलाड़ी उमादेवी को 3-2 से, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र की अरान्सा को 4-3 से और फाइनल में कर्नाटक की खिलाड़ी विद्या पिल्लई को 4-2 से शिकस्त देकर लगातार चौथी बार राष्ट्रीय खिताब जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
इंदौर के मध्यमवर्गीय परिवार की अमी कमानी ने काफी संघर्ष के बाद सफलता की ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने 2011 में स्नूकर खेल की शुरूआत की। दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते इंडिया नम्बर-3 खिलाड़ी बनने तक का सफर अमी कमानी ने बिना किसी कोच के बलबूते पूरा किया। अपने अभिभावकों के भरपूर सहयोग की बदौलत अमी कमानी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर स्वयं को अच्छा खिलाड़ी साबित किया। वह बताती हैं कि मैं अपने अभिभावकों के सहयोग और प्रोत्साहन से यहां तक पहुंची हूं। वर्ष 2013 में अपने पिता को खो देने वाली अमी ने हिम्मत नहीं हारी और सफलता दर सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वर्ष 2015 में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अमी कमानी की उत्कृष्ट उपलब्धियों के कारण उन्हें विक्रम पुरस्कार से नवाजा गया। जनवरी, 2020 में खेल और युवा कल्याण विभाग में अमी कमानी को शासकीय नियुक्ति प्रदान की गई।