News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
100 और 200 मीटर दौड़ में जीते स्वर्ण
खेलपथ प्रतिनिधि
भुवनेश्वर। भारतीय स्टार धावक दुती चंद ने भुवनेश्वर में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया नेशनल यूनिवर्सिटी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। नई रिकॉर्ड होल्डर दुती चंद ने अपनी रेस 11.49 सेकेंड में पूरी की और शीर्ष स्थान पर रहीं। इससे पहले ये रिकॉर्ड मैंगलोर यूनिवर्सिटी की एन. सिमी के नाम था, जिन्होंने 11.56 सेकेंड में ये कारनामा किया था। दुती चंद ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में अपना दूसरा गोल्ड मेडल 200 मीटर दौड़ में जीता। उन्होंने 100 मीटर की दौड़ में गोल्ड जीतने के बाद रविवार को 200 मीटर में भी बाजी अपने नाम कर ली। 24 वर्षीय दुती ने कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलाजी का प्रतिनिधित्व करते हुए 23.66 सेकेंड का समय निकाला। मुंबई विश्वविद्यालय की कीर्ति विजय भोइते ने 24.98 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। दुती चंद ने भले ही 100 मीटर में रिकॉर्ड बनाया हो लेकिन वह अपने नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में किए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11.22 सेकेंड से काफी दूर रहीं। वहीं मैंगलोर यूनिवर्सिटी की एस. धनलक्ष्मी ने 11.99 सेकेंड में रेस पूरी कर रजत पदक हासिल किया, जबकि महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के एसएस स्नेहा ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 12.08 सेकेंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। तीसरी लेन में दौड़ते हुए दुती चंद ने शुरुआत में ही बढ़त हासिल करने की कोशिश की और अपने ब्लॉक से बाहर निकलीं। यह उनके लिए अच्छा रहा और इसका फायदा उन्हें बाद में मिला। कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) की तरफ से हिस्सा ले रहीं दुती ने आसानी से जीत हासिल की। 24 साल की दुती ने इससे पहले कलिंगा स्टेडियम में हीट में 11.61 सेकेंड का समय निकाल जीत हासिल की थी। भारतीय धावक को अभी ओलम्पिक कट हासिल करना बाकी है, जोकि ओलम्पिक क्वालीफिकेशन मार्क से 0.07 सेकेंड कम है। यह 11.15 सेकेंड तय है।