News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की मिसाल कायम करने वाले दो बार के विश्व कप विजेता भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 वर्ष पूरे कर लिये हालांकि इस समय वह क्रिकेट से ब्रेक पर हैं। रांची के इस बेजोड़ क्रिकेटर ने बांग्लादेश के खिलाफ 2004 में सौरव गांगुली की कप्तानी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह सभी प्रारूपों में मिलाकर 17266 रन बना चुके हैं। 38 वर्ष के धोनी ने भारत के लिये 350 वनडे, 90 टेस्ट और 98 टी20 खेले हैं। वह विकेट के पीछे 829 बल्लेबाजों को शिकार बना चुके हैं।
अपने कॅरियर में कई उपलब्धियां हासिल कर चुके धोनी ने भारत को 2011 विश्वकप जिताया जिसके फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ उनका छक्का क्रिकेटप्रेमियों की सुनहरी यादों में शुमार हो चुका है। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम विश्व क्रिकेट में सीमित ओवरों की सबसे सफल टीम बनी। वह तीनों आईसीसी ट्राफी वनडे विश्व कप 2011, टी20 विश्व कप 2007 और चैम्पियंस ट्राफी 2013 जीतने वाले अकेले कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम आईसीसी टेस्ट और वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर भी पहुंची। धोनी ने आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स को तीन बार खिताब और दो चैम्पियंस लीग खिताब दिलाये हैं। पिछले कुछ महीने से हालांकि उनके संन्यास को लेकर अटकलें जोरों पर है। भारत के लिये आखिरी मैच उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल खेला था। संन्यास के सवाल पर उन्होंने हाल ही में कहा था,‘जनवरी तक मुझसे कुछ मत पूछिये।’