News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
चीन के चेंगडू शहर में हो रहे विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स में लखनऊ स्पोट् र्स हास्टल की पूर्व एथलीट खुशबू गुप्ता ने बुधवार को फिर कमाल की दौड़ लगाई। सोमवार को पांच किलोमीटर क्रासकंट्री दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली खुशबू ने बुधवार को 1500 मीटर की दौड़ में रजत पदक जीता। अत्यधिक थकान के कारण वह यह दौड़ अंतिम सौ मीटर में हार गईं। खुशबू को मंगलवार को आठ सौ मीटर और 1500 मीटर दौड़ की हीट में दौड़ना पड़ा था। बुधवार को वह 1500 मीटर के फाइनल मे उतरीं। उन्होंने दौड़ की शानदार शुरुआत की। पर आखिरी के सौ मीटर में म्यांमार की लुई ली मिंट ने उन्हें पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 4 मिनट 49.92 सेकेंड का समय दर्ज किया। वहीं खुशबू 4 मिनट 55.61 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। खुशबू प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं। पर उनकी कर्मस्थली लखनऊ है। लखनऊ हास्टल में रहकर उन्होंने ट्रेनिंग की। पिछले साल सशस्त्र सुरक्षा बल में उन्हें नौकरी मिली। एसएसबी की तरफ से खेलते हुए उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक जीते थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन विश्व पुलिस गेम्स के लिए भारतीय पुलिस की टीम में हुआ था।