News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
कांग्रेस विधायक ने अपोलो अस्पताल में दिया बेटे को जन्म
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। हरियाणा की मशहूर रेसलर और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के घर एक नन्हा मेहमान आ गया है। विनेश फोगाट मां बन गईं हैं, उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया। विनेश फोगाट ने मार्च में ही फैंस को प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी।
हरियाणा की मशहूर रेसलर और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के जीवन में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया। विनेश को सोमवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और सुबह 9 बजे ऑपरेशन के जरिए उन्होंने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया। विनेश फोगाट ने अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी 6 मार्च, 2025 को इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट के जरिए दी थी। उन्होंने अपने पति सोमवीर राठी के साथ एक खूबसूरत फोटो शेयर की थी।
विनेश के ससुर राजपाल राठी ने बताया कि विनेश फोगाट की डिलीवरी ऑपरेशन के जरिए हुई और पूरी तरह सुरक्षित रही, और मां-बेटा दोनों स्वस्थ हैं। बता दें, विनेश और सोमवीर राठी की शादी 14 दिसम्बर 2018 को हुई थी। सोमवीर राठी भी पूर्व भारतीय पहलवान हैं। दोनों की पहली मुलाकात 2011 में हुई थी। तब दोनों रेलवे में नौकरी करते थे। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और फिर दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे। इसके बाद सोमवीर राठी ने 2018 में एयरपोर्ट पर विनेश को प्रपोज किया और फिर शादी के बंधन में बंध गए।
इन दोनों की शादी भी काफी अलग थी। दरअसल, विनेश फोगाट और सोमवीर राठी ने 7 नहीं बल्कि 8 फेरे लिए थे। हिंदू रीति रिवाज में शादी में 7 फेरे ही लिए जाते हैं लेकिन इन दोनों ने आठवां फेरा सामाजिक मुद्दे यानि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ को समर्पित किया था। जिसके चलते इनकी शादी काफी सुर्खियों में रही थी।
ओलम्पिक में मेडल से चूकने के बाद राजनीति में एंट्री
विनेश फोगाट ने न केवल खेल के क्षेत्र में बल्कि राजनीति में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने पेरिस ओलम्पिक 2024 में हिस्सा लिया था, हालांकि वहां उन्हें मेडल से चूकना पड़ा। इसके बाद, उन्होंने राजनीति में कदम रखा और हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में जुलाना सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की। उनकी इस जीत ने उन्हें एक नई पहचान दी, और अब मां बनने के साथ वह अपने जीवन के एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पर है।