News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
केडी डेंटल कॉलेज में आरआईएस के विद्यार्थियों देखी चिकित्सकीय कार्यप्रणाली
वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राओं ने सीए कुलदीप अरोड़ा से जाना वित्तीय प्रबंधन
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आज चार्टर्ड अकाउंटेंट तथा चिकित्सक दिवस पर शैक्षिक भ्रमण कर दोनों ही व्यवसायों की जानकारी विशेषज्ञों से हासिल की। विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि इन दोनों ही व्यवसायों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका है। सीए जहां देश की आर्थिक रीढ़ को मजबूती देते हैं वहीं चिकित्सक हमारे जीवन के अनदेखे रक्षक हैं।
मंगलवार को देशभर में सीए तथा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया गया। इस दिवस की गूढ़तम जानकारी हासिल करने के लिए राजीव इंटरनेशनल स्कूल के वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राओं ने मथुरा वृंदावन स्थित कुलदीप अरोड़ा एण्ड एसोसिएट्स चार्टेड अकाउंटेंट फर्म का भ्रमण किया। छात्र-छात्राओं ने वहां सीए कुलदीप अरोड़ा से ऑडिटिंग, कराधान, वित्तीय प्रबंधन तथा फॉरेंसिक अकाउंटिंग जैसे क्षेत्रों के विषय में जानकारी हासिल की।
सीए कुलदीप अरोड़ा ने छात्र-छात्राओं को बताया कि एक जुलाई 1949 को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की स्थापना हुई, तब से लेकर प्रतिवर्ष एक जुलाई को सीए दिवस मनाया जाता है। सीए श्री अरोड़ा ने छात्र-छात्राओं को बैंकों, उद्योगों, व्यापारिक इकाइयों, सरकारी संगठनों तथा धार्मिक संस्थाओं आदि के ऑडिट की जानकारी दी। इसी कड़ी में विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल जाकर प्राचार्य और डीन डॉ. मनेष लाहौरी को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की बधाई देते हुए उनसे चिकित्सकीय कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी हासिल की। डॉ. लाहौरी ने छात्र-छात्राओं को बताया कि डॉक्टर्स डे एक ऐसा दिन है जो हमें याद दिलाता है कि डॉक्टर्स हमारे जीवन के अनदेखे रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं बल्कि इंसानियत की सबसे बड़ी सेवा है। हर साल डॉक्टर्स के समर्पण और योगदान को सम्मान देने के लिए ही डॉक्टर्स डे मनाया जाता है।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि हर दिवस का अपना महत्व है लिहाजा प्रत्येक विद्यार्थी को इन दिवसों की महत्ता को समझना चाहिए। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे भारत के महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की याद में डॉक्टरों को समर्पित है।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन श्री मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि हर पेशे का अपना महत्व है। डॉक्टर बनना केवल लम्बे समय तक काम करना भर नहीं है। यह भावनात्मक रूप से थका देने वाला भी है। हर दिन वे मानवीय पीड़ा से निपटते हैं। वे प्रतिदिन ऐसी चीजें देखते हैं जिनके बारे में अधिकांश लोग सोचना तक नहीं चाहते। स्कूल की प्रधानाध्यापिका प्रिया मदान ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट तथा चिकित्सक दिवस पर विशेषज्ञों से जो जानकारी हासिल की है, वह उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।