News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
राज्यस्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में सोनीपत के खिलाड़ियों का जलवा
खेलपथ संवाद
फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर12 के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुई तीन दिवसीय हरियाणा राज्य किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग साढ़े तीन सौ खिलाड़ियों ने अपना कौशल दिखाकर पदकों से अपने गले सजाए। प्रतियोगिता का शुभारम्भ मंत्री विपुल गोयल तथा समापन और पारितोषिक वितरण खेल मंत्री गौरव गौतम के करकमलों से सम्पन्न हुआ। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सोनीपत के पंकज आंतिल और क्रिश आंतिल ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी धाक जमाई। अब यह दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वाको इंडिया किकबॉक्सिंग के अध्यक्ष और हरियाणा किकबॉक्सिंग के सचिव संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि 20 से 22 जून तक फरीदाबाद के सेक्टर 12 के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24वीं हरियाणा राज्य किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के साढ़े तीन सौ सब जूनियर, जूनियर तथा सीनियर महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में डिस्ट्रिक्ट किकबॉक्सिंग एसोसिएशन सोनीपत के सचिव सुधीर के नेतृत्व में महेंद्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम खेवड़ा के चार खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा पदक जीते।
सचिव सुधीर ने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पंकज आंतिल खेवड़ा ने सब जूनियर 37 किलो भार वर्ग में गोल्ड मेडल तथा क्रिश आंतिल नाधनोर ने 94 किलो के जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर सोनीपत का गौरव बढ़ाया। इसी तरह झुंडपुर के रामप्रकाश ने 94 किलो के सीनियर वर्ग में रजत पदक तथा आदि आंतिल कुमासपुर ने 52 किलो भार वर्ग के सब जूनियर वर्ग में कांस्य पदक जीता। सचिव सुधीर ने बताया कि अब पंकज आंतिल चेन्नई में होने वाली राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा, इसी तरह क्रिश आंतिल ओडिशा तथा रामप्रकाश रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने वाली राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा की तरफ से दमखम दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि अगले महीने की 15 से 20 जुलाई तक खेलो इंडिया महिला किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी हरियाणा में ही होगा।