News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
वाराणसी के होनहार ने ट्रिपल जम्प में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
वाराणसी। बिहार के पाटलिपुत्र क्रीड़ांगन में वाराणसी के होनहार एथलीट शेख जिशान ने ट्रिपल जम्प में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए उत्तर प्रदेश की झोेली में स्वर्ण पदक डालकर पदकतालिका में प्रदेश को सातवें स्थान पर पहुंचा दिया। एक ऑटो चालक के बेटे की यह शानदार उपलब्धि न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और वाराणसी के खेल समुदाय के लिए गर्व का पल है।
संघर्षों की भट्टी में तपकर कुंदन बनने की कहानी को चरितार्थ करते हुए शेख जिशान ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की ट्रिपल जम्प स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। बिहार के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित एथलेटिक्स ग्राउंड में 12 से 15 मई तक आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए, शेख जिशान ने बुधवार को ट्रिपल जम्प इवेंट में अपना दमखम दिखाया। उन्होंने 15.66 मीटर की छलांग लगाकर न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता, बल्कि एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी कायम किया। शेख जिशान वर्तमान में वाराणसी के विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर में अध्ययनरत है। उसका पैतृक गांव प्रयागराज जनपद के सिसई सिपाह, पोस्ट नसरतपुर में है।
जिशान के पिता अमीनुद्दीन मुंबई में ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी मां एक गृहिणी हैं। जिशान के दो भाई और तीन बहनें हैं। आर्थिक चुनौतियां होने के बावजूद, जिशान ने हार नहीं मानी और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया।
खेल के प्रति जिशान का लगाव अपने गांव में लोगों को खेलते देखकर ही पनपा था। इस जुनून ने उन्हें एथलेटिक्स में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। जुलाई 2022 से, वह खेल विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से संचालित एथलेटिक्स छात्रावास, डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम, बड़ा लालपुर, वाराणसी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां उन्हें एथलेटिक्स प्रशिक्षक डॉ. मंजूर आलम अंसारी का मार्गदर्शन मिल रहा है, जिन्होंने जिशान की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बिहार में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उत्तर प्रदेश की बास्केटबाॅल पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इसमें काशी के तीन खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा है। यूपी टीम में यूपी कॉलेज स्थित भारतीय खेल प्राधिकारण (साई) सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे तीन खिलाड़ी भी शामिल हैं। क्षेत्रीय उप निदेशक सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि इनमें चंदौली के राज सिंह, संतअतुलानंद विद्यालय के सुमित सिंह और वाराणसी के प्रणव सिंह शामिल हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उत्तर प्रदेश की हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस पदक विजेता टीम में जिले के होनहार खिलाड़ी अभिजीत पाल भी शामिल रहे, जिन्होंने फॉरवर्ड खिलाड़ी के तौर पर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर के छात्र अभिजीत पाल वाराणसी के डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर में हॉकी का प्रशिक्षण लेते हैं। वह कोच अकरम महमूद की देखरेख में लगातार अपनी खेल प्रतिभा को निखार रहे हैं।
राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में डॉ. अंजना का चयन
बनारस की प्रख्यात योग प्रशिक्षक डॉ. अंजना त्रिपाठी का चयन राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता आगामी 15 जून को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। डॉ. अंजना त्रिपाठी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता अखिल भारतीय योग महासंघ द्वारा पहली बार आयोजित की जा रही है।