News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारत ने 15 स्वर्ण, 6 रजत, 22 कांस्य सहित जीते 43 पदक
खेलपथ संवाद
अम्मान (जॉर्डन)। भारतीय मुक्केबाजों ने प्रथम एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 चैम्पियनशिप में अपने अभियान का शानदार समापन किया तथा अंतिम दिन चार स्वर्ण पदक जीतकर कुल मिलाकर दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में भारतीय होनहार मुक्केबाजों ने 15 स्वर्ण, 6 रजत और 22 कांस्य सहित कुल 43 पदक जीते।
भारत के खाते में 15 स्वर्ण, 6 रजत और 22 कांस्य पदक शामिल हैं, जिससे वह तालिका में शीर्ष पर मौजूद कजाकिस्तान से पीछे रहा। उज्बेकिस्तान को तीसरे स्थान मिला। टूर्नामेंट के अंतिम दिन भारतीय अंडर-17 दल ने चार और स्वर्ण पदक जीते, ये सभी पदक लड़कियों के वर्ग में आए।
खुशी चंद (46 किलोग्राम) ने मंगोलिया की अल्तानजुल अल्तांगदास को कड़े मुकाबले में 3:2 से हराया, जबकि अहाना शर्मा (50 किलोग्राम) और जन्नत (54 किलोग्राम) ने उज्बेकिस्तान की प्रतिद्वंद्वियों पर 5:0 से जीत दर्ज की।
अंतिम स्वर्ण पदक अंशिका (80+ किलोग्राम) के हाथों आया, जिन्होंने जॉर्डन की जना अलालावनेह के खिलाफ पहले दौर में आरएससी के साथ मुकाबला समाप्त किया और भारत को चैम्पियनशिप में 15वां खिताब दिलाया।
भारतीय मुक्केबाजी की अंतरिम समिति के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, "महाद्वीपीय मंच पर हमारे युवा मुक्केबाजों का प्रदर्शन गौरवपूर्ण और संतोषजनक है। ये युवा मुक्केबाज भारतीय मुक्केबाजी का भविष्य हैं। इस आधार के साथ, मुझे कोई संदेह नहीं है कि आने वाले वर्षों में हम उनमें से कई को ओलम्पिक मंच पर देखेंगे।"
लड़कों के अंडर-17 वर्ग में देवांश (80 किलोग्राम) को कजाकिस्तान के मुखमेडली रुस्तमबेक से 0:5 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय अंडर-17 लड़कों की टीम ने एक रजत और छह कांस्य पदक के साथ टूर्नामेंट का समापन किया। सिमरनजीत कौर (60 किलोग्राम) और हर्सिका (63 किलोग्राम) ने दो और रजत पदक अपने खाते में जोड़े, जबकि भारतीय अंडर-17 लड़कियों ने चार स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक जीते।
हरियाणा की वंशिका अहलावत ने जीता स्वर्ण
चरखी दादरी। जॉर्डन के अम्मान में आयोजित अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में निमली निवासी वंशिका अहलावत के मुक्कों का जादू चला। होनहार महिला मुक्केबाज ने प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाजों पर पंचों का प्रहार करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। खेलप्रेमियों ने इस उपलब्धि पर कोच और मुक्केबाज वंशिका को बधाई दी है। वंशिका अहलावत चरखी दादरी में मेजबान चौक निकट स्थित रुपाणा बॉक्सिंग क्लब में तैयारी करती हैं। बॉक्सिंग क्लब संचालक रघुवीर नंबरदार व मुख्य कोच कैलाश गिल ने बताया कि होनहार वंशिका ने अंडर-15 आयुवर्ग के 70 किलोग्राम प्लस भारवर्ग में अपनी बाउट एकतरफा जीतते हुए स्वर्ण पदक के साथ टूर्नामेंट का शानदार समापन किया। इस उपलब्धि पर एसडीएम मनीष फोगाट, प्रदीप फोगाट, कुलदीप साहू, रामअवतार गिल, अशोक अहलावत, वीरेंद्र ग्रेवाल, कोच अशोक, डंपी पहलवान, दलबीर दलाल, सुखदेव सिंह बधाई दी है।