News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में किया सम्मानित
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को सोमवार को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह के दौरान श्रीजेश और अश्विन को सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। श्रीजेश और अश्विन को यह सम्मान खेल में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने 2025 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी जिसमें श्रीजेश और अश्विन का नाम भी शामिल था।
अश्विन ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। वह भारत के सफल स्पिनरों में शामिल हैं। अश्विन ने टेस्ट में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज के तौर पर अपना करियर समाप्त किया। 106 टेस्ट मैचों में अश्विन ने 537 विकेट झटके और वह बस पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले से पीछे थे जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 619 विकेट लिए हैं। अश्विन फिलहाल आईपीएल 2025 में हिस्सा ले रहे हैं और इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
दो बार ओलम्पिक पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे श्रीजेश
भारतीय हॉकी टीम की दीवार कहे जाने वाले पीआर श्रीजेश ने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद संन्यास का एलान किया था। फिलहाल वह जूनियर पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच हैं। 2010 विश्व कप में डेब्यू करने के बाद श्रीजेश भारत के लिए कई यादगार जीत का हिस्सा रहे हैं, जिसमें 2014 एशियाई खेलों में स्वर्ण और जकार्ता-पालेमबांग में 2018 एशियाड में कांस्य पदक शामिल है। वह 2018 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की संयुक्त विजेता टीम के अलावा, भुवनेश्वर में 2019 एफआईएच पुरुष सीरीज फाइनल चैंपियन टीम में भी थे।
इसके अलावा वह 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक और 2023 एशियाई चैंपियन ट्रॉफी जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। 2022 एशियाई खेलों में उन्होंने भारत को स्वर्ण जीतने में मदद की थी। इसके बाद उन्होंने पेरिस ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाया था। श्रीजेश को 2021 में खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। वहीं, 2022 में वह साल 2021 के लिए सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुने गए थे। श्रीजेश टोक्यो ओलंपिक और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतनी वाली हॉकी टीम की हिस्सा थे।