News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
आईएसएसएफ विश्व कप: भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर
खेलपथ संवाद
लीमा (पेरू)। भारतीय निशानेबाज अर्जुन बाबुता यहां आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गये और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा वहीं, आर्या बोरसे महिलाओं की स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहीं।
पिछले साल पेरिस ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रहे बाबुता (252.3) रोमांचक फाइनल में मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन चीन के शेंग लिहाओ (252.4) से सिर्फ 0.1 अंक से हार गए। विश्व कप में 40 से अधिक पदक जीत चुके हंगरी के निशानेबाज इस्तवान पेनी ने 229.8 के कुल स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
फाइनल में कई स्टार निशानेबाज पहुंचे थे, जिनमें मौजूदा विश्व चैम्पियन और पेरिस ओलम्पिक के रजत पदक विजेता स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन, नॉर्वे के जॉन-हरमन हेग और भारत के पूर्व विश्व चैम्पियन रुद्रांक्ष पाटिल शामिल थे। भारत के पास दो पदक जीतने का मौका था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण पाटिल को जूरी ने अपना 11वां शॉट नहीं लेने दिया। वह पहले एलिमिनेशन चरण में हारकर आठवें स्थान पर रहे। भारत के हृदय हजारिका मामूली अंतर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गये और 629.3 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रहे। चीन ने तीन स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत की। भारत दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर है।