News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
राजीव इंटरनेशनल स्कूल मना रहा पृथ्वी बचाओ सप्ताह
मथुरा। छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण की जानकारी देने के लिए राजीव इंटरनेशनल स्कूल में 16 अप्रैल से पृथ्वी बचाओ सप्ताह मनाया जा रहा है। पृथ्वी बचाओ सप्ताह के शुभारम्भ अवसर पर छात्र-छात्राओं ने जहां पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया वहीं आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का भरोसा दिया। पृथ्वी बचाओ सप्ताह का समापन 22 अप्रैल को किया जाएगा। इस साल पृथ्वी दिवस की थीम हमारी शक्ति, हमारा ग्रह है।
पृथ्वी बचाओ सप्ताह में छात्र-छात्राओं को विविध कार्यक्रमों के जरिए पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी जा रही है। पृथ्वी बचाओ सप्ताह के शुभारम्भ अवसर पर स्कूल हेड प्रिया मदान ने छात्र-छात्राओं को बताया कि पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने के लिए पेड़, पानी और स्वच्छ हवा जैसे संसाधनों को बचाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम अपनी दैनिक जीवनशैली में बदलाव लाकर पृथ्वी को बचाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पानी, ऊर्जा बचाने के साथ ही प्लास्टिक का उपयोग कम करने की सलाह दी।
छात्र-छात्राओं को प्लास्टिक का उपयोग न करने की सलाह देते हुए उन्हें बताया कि माइक्रो प्लास्टिक न सिर्फ धरती पर मनुष्यों व जीव-जन्तुओं को प्रभावित कर रही है बल्कि समुद्रों में मछलियों एवं समुद्री जीवों को भी बहुत हानि पहुंचा रही है। इससे लाखों की संख्या में जलीय जीव प्रभावित हो रहे हैं। प्रिया मदान ने कहा कि भावी पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए हमें पृथ्वी के प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग रोकना होगा। उन्होंने कहा कि अगर प्राथमिक संसाधनों का दुरुपयोग नहीं रोका गया, तो हमें पृथ्वी के रौद्र रूप को सहना होगा। पृथ्वी बचाओ सप्ताह में छात्र-छात्राएं पोस्टरों के माध्यम से जहां पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दे रहे हैं वहीं तख्तियां लेकर पृथ्वी बचाओ का संदेश भी दे रहे हैं।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि इस समय समूची दुनिया पर्यावरण संकट से गुजर रही है। ऐसे में राजीव इंटरनेशनल स्कूल द्वारा पृथ्वी बचाओ सप्ताह का आयोजन किया जाना अच्छी पहल है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पृथ्वी को हरा-भरा, सुरक्षित व समृद्ध बनाए रखना हम सब की जवाबदेही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही यदि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण आदि की जानकारियां प्रदान की जाएं तो इससे दुनिया को सम्भावित खतरे से बचाया जा सकता है।
प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तेजी से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, वह भविष्य के लिए बेहद खतरनाक है। श्री अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा उनकी सुरक्षा करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से ही पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित रखा जा सकता है।