News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारत को मेजबानी के लिए कनाडा, नाइजीरिया से मिलेगी चुनौती
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूएस) ने बुधवार को घोषणा की कि 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत को कनाडा, नाइजीरिया और दो अन्य देशों से चुनौती का सामना करना पड़ेगा। राष्ट्रमंडल खेल 2030 में 100 साल पूरे करेगा।
सीडब्ल्यूएस की ओर से यह पुष्टि खेल मंत्रालय के एक शीर्ष सूत्र के हवाले से दी गई रिपोर्ट के एक महीने से भी कम समय बाद आई है, जिसमें बताया गया था कि 2036 में ओलंपिक मेजबानी का लक्ष्य रखने वाले भारत ने 2030 में गुजरात में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए अपनी बोली प्रस्तुत की है।
सीडब्ल्यूएस ने कहा कि उसे खेलों के 2030 सत्र की मेजबानी के लिए कनाडा और नाइजीरिया के अलावा दो और देशों से रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) प्राप्त हुई है। कुल मिलाकर सात देशों ने भविष्य के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी में रुचि व्यक्त की है, जिनमें से पांच ने शताब्दी सत्र के आयोजन की रुचि जताई है।
सीडब्ल्यूएस ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड उन दो देशों में से एक है जो 2034 सत्र की मेजबानी करना चाहते हैं। राष्ट्रमंडल खेलों ने बयान में कहा, अफ्रीका, अमेरिका, एशिया और ओसिनिया वे क्षेत्र हैं जहां से ईओआई प्रस्तुत किए गए हैं। कनाडा, भारत और नाइजीरिया ने पहले ही सार्वजनिक रूप से पुष्टि कर दी है कि उन्होंने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ईओआई पेश की है। साथ ही दो अन्य देशों ने भी 2030 में मेजबानी के लिए अपनी रुचि जताई है।