News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
34 स्वर्ण सहित 104 पदक जीत दूसरी बार फहराया परचम
खेलो इंडिया पैरा गेम्स में 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बने
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 का समापन गुरुवार को हुआ, जिसमें हरियाणा ने 34 स्वर्ण सहित 104 पदक जीतकर लगातार दूसरी बार टीम चैम्पियनशिप अपने नाम की। तमिलनाडु 28 स्वर्ण सहित 74 पदकों के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश 23 स्वर्ण सहित 64 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
नई दिल्ली के तीन स्थानों जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम और कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में हुए इस टूर्नामेंट में 1300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान छह खेलों में 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बने। पैरा पावरलिफ्टिंग में जसप्रीत कौर (पंजाब), मनीष कुमार (हरियाणा), सीमा रानी (पंजाब) और झंडू कुमार (बिहार) ने स्वर्ण जीते। वहीं, 14 एथलीटों ने ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। इस संस्करण में कुल 596 पदक वितरित किए गए, जिसमें पुरुषों ने 346 और महिलाओं ने 250 पदक जीते।
गुरुवार को गुजरात ने टेबल टेनिस में शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 पदक (4 स्वर्ण) जीते। हरियाणा ने 3 स्वर्ण सहित 8 पदक जीते। टेबल टेनिस के प्रमुख विजेताओं में पुरुषों की क्लास 6 में गुजरात के येजदी अस्पी भामगरा, महिलाओं की क्लास 6 में गुजरात की भाविका कुकड़िया, पुरुषों की क्लास 7 में कर्नाटक के संजीव हम्मनावर और महिलाओं की क्लास 7 में उत्तर प्रदेश की प्राची पांडेय ने स्वर्ण पदक जीते।