News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
राष्ट्रीय खेलों में जीते 14 स्वर्ण सहित कुल 46 पदक मुख्यमंत्री मोहन माझी ने कहा यह राज्य के लिए गौरव की बात खेलपथ संवाद भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने उत्तराखंड में शुक्रवार को सम्पन्न हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में ओडिशा के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 15 रजत और 17 कांस्य सहित कुल 46 पदक जीते। राज्य ने पदक तालिका में 12वां स्थान हासिल किया। राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओडिशा सरकार ने स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए छह लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं के लिए चार लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं के लिए तीन लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। ओडिशा के खेल मंत्री सूर्यबंशी सूरज ने कहा, 'ओडिशा ने राष्ट्रीय खेलों में अपनी छाप छोड़ी है और वह पदक तालिका में शीर्ष 15 राज्यों में शामिल रहा। 14 स्वर्ण सहित 46 पदक जीतना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मैं सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देता हूं।' इन खेलों में सेना के कुल 121 (68 स्वर्ण, 26 रजत और 27 कांस्य) पदक रहे। गोवा में 2023 राष्ट्रीय खेलों में वह महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर थे। इससे पहले लगातार चार राष्ट्रीय खेलों (2007, 2011, 2015 और 2022) में शीर्ष रहे थे। महाराष्ट्र ने 198 पदक जीते लेकिन 54 स्वर्ण, 71 रजत और 73 कांस्य थे। हरियाणा के 153 पदकों में 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य थे। कर्नाटक चौथे और मध्यप्रदेश पांचवें स्थान पर रहा। इसके बाद तमिलनाडु, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब और दिल्ली रहे। उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के शानदार समापन के बाद अब यह खेल कराने की बारी मेघालय की है। साल 2027 में मेजबानी करने वाले पूर्वोत्तर के इस राज्य के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा को गृहमंत्री अमित शाह ने 39वें नेशनल गेम्स का ध्वज सौंपा। इस मौके पर गृहमंत्री ने यह भी घोषणा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए मेघालय के साथ ही पूर्वोत्तर के अन्य छह राज्यों में भी नेशनल गेम की प्रतियोगिताएं होंगी।