News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
निशानेबाज मनु भाकर- डी गुकेश सहित चार को मिला खेल रत्न खेलपथ संवाद नई दिल्ली। पेरिस ओलम्पिक में दो ओलम्पिक पदक जीतने वाली भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर और विश्व शतरंज चैम्पियनशिप के विजेता भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश सहित चार खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में खेल पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। खेल मंत्रालय द्वारा जनवरी के शुरुआती सप्ताह में खेल पुरस्कार-2024 की घोषणा की गई थी और राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू ने पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। मनु और गुकेश के अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालम्पियन प्रवीण कुमार को भी खेल रत्न पुरस्कार दिया गया। 22 वर्ष की मनु एक ही ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बनी थीं जिन्होंने अगस्त में पेरिस ओलम्पिक में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलम्पिक में ही हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरे ओलम्पिक में कांस्य पदक जीता था। 18 वर्ष के डी गुकेश सबसे युवा विश्व चैम्पियन बने जो पिछले साल शतरंज ओलम्पियाड में भारतीय टीम के ऐतिहासिक स्वर्ण पदक में भी सूत्रधार रहे थे। पैरा हाई जम्पर प्रवीण ने पेरिस पैरालम्पिक में टी64 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। यह उन खिलाड़ियों की श्रेणी है जिनका घुटने से नीचे एक या दोनों पैर नहीं होता है और वे दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर पर निर्भर होते हैं। खेल रत्न के साथ 34 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया जिसमें ज्योति याराजी, अन्नू रानी, जरमनप्रीत सिंह और सलीमा टेटे का नाम शामिल हैं। पैरा-एथलीट प्रवीण कुमार ने पेरिस 2024 पैरालंपिक में एशियाई रिकॉर्ड के साथ पुरुषों की ऊंची कूद टी64 वर्ग में जीत हासिल की। 21 वर्षीय भारतीय पैरा-एथलीट ने अपने दूसरे पैरालंपिक पदक के लिए फाइनल में 2.08 मीटर की दूरी तय की। उन्होंने टोक्यो 2020 में रजत पदक जीता था। भाला फेंक में पेरिस 2024 ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बावजूद, नीरज चोपड़ा को खेल रत्न के लिए शामिल नहीं किया जा सका क्योंकि वह पहले ही यह पुरस्कार जीत चुके हैं। इस बीच, पेरिस 2024 ओलंपिक के सभी पदक विजेता पहलवान अमन सहरावत के साथ निशानेबाज स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह को भारत के दूसरे सबसे बड़े खेल सम्मान अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारतीय महिला हॉकी कप्तान सलीमा टेटे के साथ-साथ एथलेटिक्स में एशियाई खेलों में पदक विजेता ज्योति याराजी और अन्नू रानी भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने वालों की सूची में शामिल हैं। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 के विजेता मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कारः गुकेश डी (शतरंज), हरमनप्रीत सिंह (हॉकी), प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स), मनु भाकर (शूटिंग) अर्जुन पुरस्कारः ज्योति याराजी (एथलेटिक्स), अन्नू रानी (एथलेटिक्स), नीतू (बॉक्सिंग), स्वीटी (बॉक्सिंग), वंतिका अग्रवाल (शतरंज), सलीमा टेटे (हॉकी), अभिषेक (हॉकी), संजय (हॉकी), जरमनप्रीत सिंह (हॉकी), सुखजीत सिंह (हॉकी), राकेश कुमार (पैरा-आर्चरी), प्रीति पाल (पैरा एथलेटिक्स), सचिन सरजेराव खिलारी (पैरा एथलेटिक्स), धर्मबीर (पैरा एथलेटिक्स), प्रणव सूरमा (पैरा एथलेटिक्स), एच होकातो सेमा (पैरा एथलेटिक्स), सिमरन (पैरा एथलेटिक्स), नवदीप (पैरा एथलेटिक्स), थुलासिमाती मुरुगेसन (पैरा बैडमिंटन), नित्या श्री सुमाथी सिवान (पैरा बैडमिंटन), मनीषा रामदास (पैरा बैडमिंटन), कपिल परमार (पैरा जूडो), मोना अग्रवाल (पैरा शूटिंग), रुबीना फ्रांसिस (पैरा शूटिंग), स्वप्निल सुरेश कुसाले (शूटिंग), सरबजोत सिंह (शूटिंग), अभय सिंह (स्क्वैश), साजन प्रकाश (तैराकी), अमन सहरावत (कुश्ती), अर्जुन पुरस्कार (लाइफ टाइम) 2024 विजेता सुचा सिंह (एथलेटिक्स), मुरलीकांत राजाराम पेटकर (पैरा तैराक), द्रोणाचार्य पुरस्कार 2024 विजेताः रेगुलर कैटेगरी- सुभाष राणा (पैरा शूटिंग), दीपाली देशपांडे (शूटिंग), संदीप सांगवान (हॉकी) लाइफ टाइम पुरस्कार- एस मुरलीधरन (बैडमिंटन), अरमांडो एगनेलो कोलाको (फुटबॉल)। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कारः फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफीः चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (विजेता), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (प्रथम उपविजेता), अमृतसर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (द्वितीय उपविजेता)।