News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
फ्रेंचाइजी पर आधारित होंगी टीमें, रुकी लीग भी होंगी शुरू खेलपथ संवाद नई दिल्ली। हॉकी इंडिया लीग और प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर खेल मंत्रालय अन्य खेलों में लीग का आयोजन कराएगा। मंत्रालय तकरीबन 12 खेलों में राष्ट्रीय स्पोर्ट्स लीग का आयोजन कराने जा रहा है। ये लीग फ्रेंचाइजी मॉडल पर आधारित होंगी और निजी औद्योगिक कम्पनियां अन्य लीगों की तरह इनमें अपनी टीमें उतारेंगी। इन राष्ट्रीय स्पोर्ट्स लीगों में विदेशी खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति नहीं होगी। इनमें सिर्फ देश के खिलाडि़यों को खेलने की अनुमति होगी। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय स्पोर्ट्स लीग को साई और राष्ट्रीय खेल संघों के साथ मिलकर आयोजित किया जाएगा। कबड्डी, हॉकी, टेबल टेनिस जैसे खेलों में जहां लीग पहले से ही चल रही हैं, वहां कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी, लेकिन जिन खेलों में लीग नहीं हो रही हैं या आर्थिक कारणों से बंद हो चुकी हैं, उन खेलों में लीग आयोजित की जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक अभी खेलों का चयन नहीं किया गया है, लेकिन खेल संघों से बातचीत के बाद इनका चयन किया जाएगा। मंत्रालय का मानना है कि 12 खेलों में लीग हो सकती हैं। लीग कराने का उद्देश्य 2036 के ओलम्पिक को ध्यान में रखते हुए उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। एक खेल संघ में एक ही लीग का आयोजन किया जाएगा। ऐसा नहीं होगा कि खेल संघ अपनी लीग कराए और मंत्रालय अलग से लीग कराए। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि हालांकि समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है लेकिन योजना प्रक्रिया और खेलों की पहचान का काम अग्रिम चरण में है तथा समय आने पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मंत्रालय का मानना है कि यह 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी की महत्वाकांक्षा रखने वाले देश के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम होगा। सूत्र ने कहा, 'एनएसएल की शुरुआत के बाद प्रत्येक खेल में केवल एक लीग होगी। ऐसा नहीं होगा कि एनएसएफ. एक लीग का आयोजन करे और मंत्रालय दूसरी लीग का।' सूत्र ने उन खेलों का खुलासा करने से इनकार कर दिया जिनमें मंत्रालय लीग शुरू करने का इरादा रखता है। उन्होंने कहा कि यह जल्द ही किया जाएगा। सूत्र ने यह भी कहा कि भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) द्वारा अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) को 2036 ओलम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए भेजा गया ‘आशय पत्र’ किसी विशेष शहर के लिए नहीं था। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि अगर भारत को खेलों की मेजबानी दी जाती है तो अहमदाबाद खेलों के महाकुंभ की मेजबानी करेगा। सूत्र ने कहा, 'देखिए, यह कहना बहुत जल्दबाजी होगी। भारत ने आईओसी को केवल आशय पत्र भेजा है। इसमें मेजबान शहर का उल्लेख नहीं है। मेजबान शहर पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है।' उन्होंने कहा कि अगले साल के चुनाव में आईओसी प्रमुख के पद की दौड़ में आगे चल रहे विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन को ने हाल ही में नयी दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया के साथ उपयोगी चर्चा की।