News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनी सबसे कम गेंद में आउट होने वाली टीम खेलपथ संवाद डरबन। दक्षिण अफ्रीका ने मार्को यानसेन (13 रन देकर सात विकेट) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत बृहस्पतिवार को किंग्स्मीड में श्रीलंका को टेस्ट क्रिकेट में उसके न्यूनतम 42 रन के स्कोर पर समेट दिया। इससे पहले श्रीलंका का न्यूनतम स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ कैंडी में 20 साल पहले का है जिसमें टीम महज 71 रन पर ढेर हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका ने पहले टेस्ट के दूसरे दिन श्रीलंका को पहली पारी में केवल 83 गेंद (13.5 ओवर) में आउट कर दिया। 100 साल में इतनी कम गेंद में पारी समेटने का भी यह रिकॉर्ड रहा। इंग्लैंड ने 1924 में दक्षिण अफ्रीका को 75 गेंद में ढेर कर दिया था। किंग्स्मीड पर भी यह न्यूनतम स्कोर और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी यह रिकॉर्ड न्यूनतम स्कोर रहा। न्यूजीलैंड की टीम 2013 में केपटाउन में 45 रन पर सिमट गई थी। पिच पहले टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के मुफीद लग रही थी और दक्षिण अफ्रीका ने सुबह चार विकेट पर 80 रन से आगे खेलते हुए 111 रन जोड़े और पहली पारी 191 रन पर खत्म की। श्रीलंका के लिए कामिंडु मेंडिस 13 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। श्रीलंकाई पारी में चार खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका के मध्यम गति के गेंदबाज यानसेन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 6.5 ओवर में 13 रन देकर सात विकेट झटके। यानसेन ऑस्ट्रेलिया के ह्यूज ट्रम्बल (इंग्लैंड के खिलाफ 1904 में) के बाद टेस्ट पारी में सात ओवर के अंदर सात विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं।