News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारत ने ली 218 रनों की बढ़त, आस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 पर सिमटी खेलपथ संवाद पर्थ। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच हो रहे पहले टेस्ट का दूसरा दिन भारत के नाम रहा। टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 172 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 62 रन और यशस्वी जायसवाल 90 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया की कुल बढ़त अब तक 218 रन की हो चुकी है। भारत ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त मिली थी। यशस्वी ने अब तक 193 गेंदों का सामना किया तथा सात चौके और दो छक्के लगाए हैं वहीं, केएल राहुल ने अब तक 153 गेंदों का सामना किया है और चार चौके लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर सिमट गई। दूसरे दिन कंगारुओं ने सात विकेट पर 67 रन से आगे खेलना शुरू किया और 37 रन बनाने में बाकी तीन विकेट गंवाए। ऑस्ट्रेलिया को शनिवार का पहला झटका एलेक्स कैरी के रूप में लगा। उन्हें बुमराह ने विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। कैरी 21 रन बना सके। इसके बाद नाथन लियोन हर्षित राणा का शिकार हुए। वह पांच रन बना सके। ये दोनों विकेट भारत ने शुरुआती एक घंटे के अंदर ले लिए थे। हालांकि, स्टार्क और जोश हेजलवुड की आखिरी जोड़ी को आउट करने में टीम इंडिया को एक घंटे लगे। स्टार्क और हेजलवुड ने 10वें विकेट के लिए 110 गेंद में 25 रन की साझेदारी की। स्टार्क ने 112 गेंद में दो चौके की मदद से 26 रन बनाए। उन्हें हर्षित ने ही शिकार बनाया। हेजलवुड सात रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लिए।ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी। तीसरे ही ओवर में बुमराह ने नाथन मैकस्वीनी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 10 रन बना सके। इसके बाद बुमराह ने उस्मान ख्वाजा को कोहली के हाथों कैच कराया, फिर अगली ही गेंद पर स्टीव स्मिथ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। ख्वाजा आठ रन और स्मिथ खाता नहीं खोल सके। ट्रेविस हेड को डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने क्लीन बोल्ड किया। वह 11 रन बना सके। वहीं, मिचेल मार्श छह रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। सिराज ने इसके बाद लाबुशेन को एल्बीडब्ल्यू किया। वह 52 गेंद में दो रन बना सके। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भारतीय कप्तान बुमराह ने पंत के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। बुमराह के पंजे के अलावा हर्षित राणा ने तीन विकेट और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए। भारत की पहली पारी 150 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया के 11 बल्लेबाज मिलकर 50 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। 49.3 ओवर में पूरी टीम सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 37 और केएल राहुल ने 26 रन की पारी खेली। भारत की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी जायसवाल और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। विराट कोहली पांच रन और ध्रुव जुरेल 11 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर भी चार रन बना सके। पंत और नीतीश ने सातवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कमिंस ने तोड़ा। पंत के आउट होते ही भारतीय पारी 150 रन पर सिमट गई। हर्षित राणा सात रन और बुमराह आठ रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने चार विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और मार्श को दो-दो विकेट मिले। इसी के साथ चायकाल भी हो गया।