News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में मजबूत प्रदर्शन जारी, चौथी जीत खेलपथ संवाद राजगीर। भारतीय हॉकी बेटियों ने ओलम्पिक रजत पदक विजेता चीन को 3-0 से पराजित कर महिला एशियन चैम्पियनशिप ट्रॉफी में लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत की महिला हॉकी टीम ने शनिवार को राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 के अपने ग्रुप चरण के चौथे मुकाबले में चीन को हराकर अपनी पिछली पराजयों का बदला चुका लिया। भारत अब अपना अंतिम ग्रुप मैच 17 नवम्बर को जापान के खिलाफ शाम 4:45 बजे खेलेगा। भारत की इस शानदार जीत में संगीता कुमारी (32), सलीमा टेटे (37) और दीपिका (60) की अहम भूमिका रही।इस जीत के साथ भारत ने न केवल ग्रुप टेबल में शीर्ष स्थान सुनिश्चित किया, बल्कि दीपिका ने आठ गोल के साथ गोल स्कोरिंग चार्ट में भी अपना शीर्ष स्थान पक्का किया। भारत ने शुरुआती मिनट से ही आक्रामक शुरुआत की। दीपिका ने मैच शुरू होते ही पेनाल्टी कॉर्नर अर्जित किया लेकिन चीन की गोलकीपर सुरोंग वू ने शानदार बचाव किया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के मजबूत डिफेंस के कारण कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।दूसरे क्वार्टर में चीन ने एक काउंटर अटैक पर गोल करने का प्रयास किया लेकिन भारतीय गोलकीपर बिचू ने शानदार बचाव किया। भारतीय बेटियों ने भी कई बार पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किए, लेकिन उन्हें भुनाने में असफल रहीं। पहले हाफ के अंत तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा। तीसरे क्वार्टर में भारत ने रफ्तार पकड़ी और 32वें मिनट में सुशीला के तेज पास को संगीता कुमारी ने डिफ्लेक्ट कर गोल में बदल दिया और भारत को बढ़त दिलाई। पांच मिनट बाद, प्रीति दुबे ने बेजोड़ ड्राइव के बाद सलीमा टेटे को पास दिया, जिन्होंने सटीक फिनिश के साथ स्कोर 2-0 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में चीन ने आक्रमण तेज किया, लेकिन भारत की डिफेंसिव लाइन ने उन्हें गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। आखिरी मिनट में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया, जहां दीपिका ने शानदार ड्रैग फ्लिक करते हुए गोल दागा और भारत को 3-0 की निर्णायक जीत दिलाई। भारतीय टीम अपने प्रदर्शन को जारी रखते हुए टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की करने के लिए उत्साहित है। भविष्य को देखते हुए भारत को अपने इस खिताब की रक्षा करना हर हाल में जरूरी है।