News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
मलेशिया के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी टीम
खेलपथ संवाद
गया। भारतीय हॉकी टीम बिहार के राजगीर में 11 से 20 नवम्बर तक होने वाली महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 में मलेशिया के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी। महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के आठवें संस्करण के सभी मैच राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2016 में टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था और पिछले साल रांची में फाइनल में जापान को हराकर चैम्पियन बनी थी। इस साल की एशियाई हॉकी चैम्पियनशिप में छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी, जिसमें पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना, जापान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, भारत, मलेशिया और थाईलैंड शामिल हैं। ग्रुप चरण में सभी टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी और शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी। भारत पहले मैच में 11 नवम्बर को मलेशिया का सामना करेगा और अगले दिन कोरिया से भारतीय टीम का मुकाबला होगा।
हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स 2023 की स्वर्ण पदक विजेता टीम चीन, प्रतियोगिता में शीर्ष क्रम की महिला हॉकी टीम दुनिया में छठे नम्बर पर काबिज है और उसके बाद भारत नौवें स्थान पर है। जबकि जापान 11वें, दक्षिण कोरिया 15वें, मलेशिया 23वें और थाईलैंड 29वें स्थान पर मौजूद हैं। तीन खिताबों के साथ दक्षिण कोरिया महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के इतिहास की सबसे सफल टीम है। वहीं, भारत और जापान ने दो बार चैम्पियन का तमगा हासिल किया है।
महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 हॉकी का शेड्यूल
11 नवम्बर, सोमवार को जापान बनाम दक्षिण कोरिया का मैच दोपहर 3:00 बजे से होगा वहीं इसी दिन चीन की टीम थाईलैंड से शाम 5:15 बजे दो-दो हाथ करेगी। 11 नवम्बर को ही भारतीय टीम रात 7:30 बजे मलेशिया से मुकाबला खेलेगी।
12 नवम्बर को थाईलैंड और जापान के बीच दोपहर 3:00 बजे से मुकाबला खेला जाएगा। इसी दिन चीन की टीम मलेशिया से शाम 5:15 बजे दो-दो हाथ करेगी तो भारतीय टीम रात 7:30 बजे दक्षिण कोरिया से खेलेगी।
14 नवम्बर, गुरुवार को दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच दोपहर 3:00 बजे से मुकाबला होगा तो इसी दिन शाम 5:15 बजे से जापान और चीन की टीमें खेलेंगी। भारतीय टीम 14 नवम्बर, गुरुवार को रात 7:30 बजे से थाईलैंड के खिलाफ खेलेगी।
16 नवम्बर, शनिवार को मलेशिया बनाम जापान मुकाबला दोपहर 3:00 बजे, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड शाम 5:15 बजे तो भारत बनाम चीन मुकाबला रात 7:30 बजे खेला जाएगा।
17 नवम्बर रविवार को मलेशिया बनाम थाईलैंड शाम 4:00 बजे, चीन बनाम दक्षिण कोरिया शाम 6:15 बजे तथा जापान बनाम भारत मुकाबला रात 8:30 बजे खेला जाएगा।
19 नवम्बर, मंगलवार को पांचवें/छठे स्थान का क्वालिफिकेशन मैच दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा तथा इसी दिन पहला सेमीफाइनल शाम 5:00 बजे तो दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रात 7:30 बजे से खेला जाएगा।
20 नवम्बर, बुधवार को कांस्य पदक मैच शाम 5:00 बजे तो रात 7:30 बजे से फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।