News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
ओलम्पिक मेडल हारीं पर चुनाव जीत गई बलाली की बलवान दीपक हु्ड्डा और कविता दलाल की शर्मनाक पराजय खेलपथ संवाद जींद (हरियाणा)। खिलाड़ियों के हरियाणा में विधान सभा चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं। चुनावी मैदान में उतरे तीन खिलाड़ियों में सिर्फ बलाली की बलवान विनेश फोगाट ने ही विजय पताका फहराई है। आम आदमी पार्टी की कविता दलाल की जुलाना सीट से जहां जमानत जब्त हो गई वहीं कबड्डी खिलाड़ी और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी व भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा को मेहम सीट से हार का सामना करना पड़ा। पेरिस ओलम्पिक में मेडल जीतने के एक कदम से चूकीं भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट अब जींद के जुलाना से विधानसभा चुनाव जीत गई हैं। कांग्रेस ने विनेश को उम्मीदवार बनाया था। विनेश 6015 वोटों के अंतर से जीत हासिल कर विधायक बनी हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी योगेश बैरागी को हराया है। जुलाना की जनता ने विनेश पर भरोसा जताया है। विनेश को कुल 65080 वोट मिले हैं वहीं दूसरे नम्बर पर रहे प्रत्याशी योगश कुमार को 59065 मत पड़े। कांग्रेस उम्मीदवार और पहलवान विनेश फोगाट ने मंगलवार को हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से अपनी पहली चुनावी जीत को संघर्ष की जीत और सत्य की जीत बताया। ओलम्पिक खिलाड़ी एवं पहलवान विनेश फोगाट ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के रण में सबको पटखनी देते हुए जीत हासिल की है। ओलम्पिक में पदक से चूकने के बाद भारत लौटने पर विनेश ने खेल से संन्यास लेने का ऐलान कर राजनीति का दामन थाम लिया। विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही विनेश कांग्रेस में शामिल हुईं और पार्टी ने जुलाना से उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया। जुलाना विनेश फोगाट की ससुराल है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी कविता दलाल केवल 1,280 मत ही हासिल कर सकीं और उनकी जमानत जब्त हो गई। इनेलो और बसपा के प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र लाठर ने 10,152 मत हासिल किए और जजपा से विधायक रहे अमरजीत ढांडा केवल 2,477 मत हासिल कर सके। चुनाव परिणाम के बाद पत्रकारों से 30 वर्षीय फोगाट ने कहा, यह संघर्ष की जीत है और सत्य की जीत है। उन्होंने आगे कहा, मैं हमेशा लोगों का विश्वास और प्यार बनाए रखूंगी। फोगाट और पहलवान बजरंग पुनिया तत्कालीन डब्ल्यूएफआई प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के विरोध में सबसे आगे थे। पेरिस में फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं। ओलम्पिक में 50 किलोग्राम भारवर्ग में उनका वजन लगभग 100 ग्राम अधिक पाया गया, जिसके बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। हरियाणा में भाजपा के टिकट पर मेहम सीट से चुनाव लड़ने वाले स्टार कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा को हार मिली है। इस सीट से कांग्रेस के बलराम डांगी को जीत मिली है। उनको 56865 वोट मिले, उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी बलराज कुंडू को 18060 वोटों से हराया। हरियाणा जनसेवक पार्टी के बलराम को 38805 वोट मिले। नम्बर तीन पर निर्दलीय राधा अहलावत रहीं, जिनको 29211 वोट मिले। वहीं दीपक हुड्डा को करीब 8929 वोट मिले, इस तरह बड़े अंतर से हार गए। दीपक हुड्डा भारतीय कबड्डी के जाने-माने नाम हैं। वह भारतीय टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। साल 2016 में जब भारतीय टीम ने कबड्डी का वर्ल्ड कप जीता था, तो उनकी टीम में अहम भूमिका रही थी। 30 साल के दीपक 2016 और 2019 में साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं। दीपक हुड्डा प्रो कबड्डी लीग की हिस्ट्री में बेस्ट ऑलराउंडर माने जाते हैं। उन्होंने 7 जुलाई 2022 को स्वीटी बूरा से शादी रचाई थी।