News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भाजपा उम्मीदवार योगेश बैरागी को 6015 वोटों से हराया खेलपथ संवाद नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में पहलवान विनेश फोगाट ने जीत हासिल कर विधायक बनने का गौरव हासिल कर लिया है। जुलाना सीट पर विनेश फोगाट भाजपा उम्मीदवार योगेश बैरागी को 6015 वोटों से शिकस्त दी है। जैसे ही वोट खुलने शुरू हुए, पूरे देश की निगाहें जुलाना सीट पर टिक गईं। दरअसल यह सीट हरियाणा की हॉट सीटों में से एक रही है। विनेश फोगाट को 65080 वोट मिले जबकि भाजपा के योगेश बैरागी को 59065 वोट हासिल हुए। देखा जाए तो कांग्रेस ने विनेश फोगाट को टिकट देकर जुलाना सीट का मुकाबला दिलचस्प बना दिया था। अब विनेश ने इस सीट से जीत का परचम लहरा दिया है। जब वोट खुलने शुरू हुए तो मुकाबला बहुत ही दिलचस्प रहा। कभी विनेश फोगाट आगे तो कभी योगेश बैरागी आगे निकलते हुए दिखाई दिए लेकिन फिर विनेश ने बढ़त बना ली और इस सफर को वह जीत की ओर लेकर गईं। विनेश के खिलाफ भाजपा ने योगेश बैरागी तो आम आदमी पार्टी ने कविता दलाल को उम्मीदवार बनाया था। जुलाना सीट पर मुकाबला बेहद रोचक रहा। पिछले लगभग दो साल से आंदोलनों में मुखर रहीं विनेश फोगाट के सामने आम आदमी पार्टी ने डब्ल्यूडब्ल्यूई में उतरने वाली पहली भारतीय महिला प्रोफेशनल पहलवान कविता दलाल को मैदान में उतारा था लेकिन विनेश की आंधी में कोई भी टिक नहीं सका। जीत के बाद विनेश फोगाट ने लोगों का शुक्रिया अदा किया। जुलाना सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी के अमरजीत ढांडा को 61.942 वोट मिले थे। उन्होंने भाजपा के परमिंदर सिंह ढुल को हराया था। परमिंदर सिंह को 37,749 वोट मिले थे। कांग्रेस के धर्मेंद्र सिंह ढुल को 12,440 वोटों से संतोष करना पड़ा था। 2014 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार को 23 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा था। 2009 के चुनाव में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। विनेश के चुनावी मैदान में होने की वजह से सबकी नजरें इस हाई प्रोफाइल सीट पर थीं।