News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारतीय ओलम्पिक संघ प्रमुख ने 24 सितम्बर तक जवाब देने को कहा खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने कोषाध्यक्ष सहदेव यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ऊषा ने यह कदम सहदेव यादव के चुनाव में राष्ट्रीय खेल संहिता के उल्लंघन की शिकायत के बाद उठाया है। पीटी ऊषा ने 10 सितम्बर को लिखे पत्र में यादव को 24 सितम्बर तक जवाब देने को कहा है। आईओए अध्यक्ष ने पत्र की एक प्रति केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के एनओसी (राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति) संबंध विभाग के सहायक निदेशक जेरोमी पोइवी को भी भेजी है। सहदेव यादव को पत्र में ऊषा ने लिखा, मैं आपका ध्यान उस औपचारिक शिकायत की ओर आकर्षित करने के लिए आपको पत्र लिख रही हूं जो पिछले चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की आपकी पात्रता से जुड़ी है और हाल में भारतीय ओलम्पिक संघ को मिली है। शिकायतकर्ता ने उच्च न्यायालय के एक फैसले का हवाला दिया है, जो शिकायतकर्ता के अनुसार चुनाव लड़ने की आपकी पात्रता के बारे में चिंता पैदा करता है। दरअसल, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सहदेव यादव और कुछ अन्य अधिकारी अपने पदों पर बने हुए हैं जो खेल संहिता के तहत आयु और कार्यकाल की सीमा संबंधी नियमों का उल्लंघन है। खेल संहिता के तहत विभिन्न पदों पर लगातार 12 साल रहने के बाद पद छोड़ना पड़ता है। सहदेव यादव इससे पहले भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के सचिव थे और 15 साल तक उसके साथ जुड़े रहे। शिकायतकर्ता ने भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के उपाध्यक्ष अजय पटेल, भारतीय वुशू महासंघ के भूपिंदर सिंह बाजवा और भारतीय नौकायन महासंघ की अध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव सहित आईओए के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी खेल संहिता का पालन नहीं करने पर इसी तरह की चिंता जताई है। आईओए ने शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी है। शिकायकर्ता ने इन लोगों को तुरंत आईओए की कार्यकारी समिति से हटाने की मांग की है। इस पत्र के बाद आईओए में चल रही खींचतान और तेज हो गई है।