News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
आम आदमी पार्टी ने जुलाना में खेला सेलिब्रेटी दांव भारतीय जनता पार्टी को इस सीट पर पहली जीत का इंतजार खेलपथ संवाद चंडीगढ़। जुलाना की जंग काफी दिलचस्प हो गई है। इस सीट पर विनेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सेलिब्रेटी दांव खेल चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। हरियाणा विधानसभा चुनावों में पहलवान विनेश फोगाट की उम्मीदवारी के बाद सुर्खियों में आई जुलाना सीट पर भाजपा ने पूर्व पायलट योगेश बैरागी को उतारने के बाद आप ने डब्ल्यूडब्ल्यूई महिला रेसलर कविता दलाल पर दांव खेल दिया है। कविता दलाल कुछ समय पहले आप में शामिल हुई थीं। जींद जिले की रहने वाली बागपत के बिजवाड़ा गांव की बहू हैं। कविता दलाल डब्ल्यूडब्ल्यूई में भारत की प्रथम महिला रेसलर हैं। कविता देवी दलाल पांच भाई-बहनों में से एक हैं। वह हरियाणा के जींद जिले की जुलाना तहसील के मालवी गांव से आती हैं। उनका जन्म इसी गांव में हुआ था। ऐसे में वह जुलाना और जींद की बेटी होने के साथ उत्तर प्रदेश के बागपत की बहू हैं। कविता की शादी 2009 में हुई थी। उन्होंने 2010 में एक बच्चे को जन्म दिया। जिसके बाद वह खेल छोड़ना चाहती थीं, लेकिन अपने पति से प्रेरित होकर उन्होंने खेलना जारी रखा। कविता ने पिछले दिनों सूट सलवार में रेसलिंग करके सुर्खियां बटोरी थीं। जुलाना से कौन-कौन मैदान में? जींद जिले में आने वाली सीट से कांग्रेस ने विनेश फोगाट, भाजपा ने पूर्व कैप्टन योगेश बैरागी और जेजेपी ने अपने मौजूदा विधायक अमरजीत सिंह ढांडा को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने कविता दलाल को टिकट दे दिया है। अब जुलाना की लड़ाई में दो महिला पहलवान के साथ पूर्व पायलट और एक बार के विधायक अमरजीत सिंह ढांडा मैदान में हैं। जींद जिले की इस सीट पर भाजपा को कभी भी जीत नहीं मिली है। कांग्रेस इस सीट पर आखिरी बार 2005 में जीती थी।