News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने ओसीए की महासभा में इच्छा जताई खेलपथ संवाद नई दिल्ली। खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को कहा कि भारत 2030 में होने वाले युवा ओलम्पिक के लिए बोली लगाने के लिए तैयार है, जो 2036 में होने वाले ओलम्पिक खेलों की मेजबानी हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। वर्ष 2030 में पांचवें युवा ओलम्पिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। मंडाविया ने यहां एशियाई ओलम्पिक परिषद (ओसीए) की 44वीं महासभा के अवसर पर कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम 2030 में होने वाले युवा ओलम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाने जा रहे हैं, लेकिन हमारा ध्यान 2036 ओलम्पिक की मेजबानी पर है।' भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष डॉ. पीटी ऊषा ने ओसीए महासभा को सम्बोधित करते हुए कहा, 'आज 44वीं ओलम्पिक काउंसिल ऑफ एशिया महासभा के संयोजक के रूप में आपके सामने खड़ा होना एक बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य है। भारत ने हमेशा ओलम्पिक मोमेंट और इससे जुड़ी खेल भावना का गहरा सम्मान किया है। हमें नई दिल्ली में इस महासभा की मेजबानी करने पर बहुत गर्व है।' इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'मोदीजी के नेतृत्व में हमने क्रिकेट विश्व कप, फुटबॉल अंडर-17 विश्व कप सहित कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया।' युवा ओलम्पिक 2030 की मेजबानी हासिल करने के लिए भारत के अलावा पेरू, कोलंबिया, मैक्सिको, थाईलैंड, मंगोलिया, रूस, यूक्रेन, बोस्निया और हर्जेगोविना भी दौड़ में शामिल हैं।