News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पेरिस पैरालम्पिक में मध्य प्रदेश की बेटी का कमाल खेलपथ संवाद शेटराउ (फ्रांस)। भारत की रूबीना फ्रांसिस ने शनिवार को पेरिस पैरालम्पिक में महिलाओं की एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा के फाइनल में कांस्य पदक जीतकर देश को निशानेबाजी में चौथा पदक दिलाया। गत चैम्पियन और विश्व रिकार्डधारी निशानेबाजों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए 25 वर्षीय रूबीना ने कुल 211.1 अंक हासिल कर 8 महिलाओं के फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया। रूबीना फ्रांसिस ने क्वालीफिकेशन राउंड में सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। पेरिस पैरालम्पिक में यह भारत का निशानेबाजी में चौथा और कुल मिलाकर पांचवां पदक था। वह पैरालम्पिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पिस्टल निशानेबाज हैं। एसएच1 वर्ग में वो पैरा निशानेबाज हिस्सा लेते हैं जो बिना किसी परेशानी के बंदूक संभालते हुए व्हीलचेयर या चेयर पर बैठकर या खड़े होकर निशाना लगा सकते हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मैकेनिक की बेटी रूबीना का जन्म एक पैर में दिव्यांगता के साथ हुआ था। दिग्गज भारतीय निशानेबाज गगन नारंग की ओलम्पिक उपलब्धियों से प्रेरित होकर वह निशानेबाजी में आयीं। वह अपने दूसरे पैरालम्पिक में भाग ले रही थीं। रूबीना की मां नर्स हैं।