News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
हॉकी इंडिया ने 18 सदस्यीय पुरुष टीम की घोषित गोलकीपर श्रीजेश की जगह लेंगे कृष्ण बहादुर पाठक खेलपथ संवाद नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपना प्रभाव छोड़ने के लिए तैयार है। आठ से 17 सितंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए हॉकी इंडिया ने बुधवार को 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की। भारत के अलावा टूर्नामेंट में कोरिया, मलेशिया, पाकिस्तान, जापान और मेजबान चीन भाग लेंगे। भारत के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश के संन्यास के बाद आगामी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए कृष्ण बहादुर पाठक को भारतीय हॉकी टीम का मुख्य गोलकीपर बनाया गया है। श्रीजेश ने पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने के बाद हॉकी को अलविदा कह दिया था। पेरिस ओलंपिक में भारत के स्टैंडबाय गोलकीपर रहे पाठक अब मुख्य गोलकीपर होंगे, जबकि सूरज करकेरा रिजर्व गोलकीपर रहेंगे। अनुभवी मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को उपकप्तान बनाया गया है। नियमित उप कप्तान हार्दिक सिंह, मनदीप सिंह, ललित उपाध्याय, शमशेर सिंह और गुरजंत सिंह को आराम दिया गया है। भारत के उदीयमान ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह जूनियर के लिए भी यह सुनहरा मौका होगा। वह प्रो लीग में अपनी प्रतिभा की बानगी दे चुके हैं। अराइजीत सिंह हुंडल टीम में तीसरे ड्रैग फ्लिकर होंगे। डिफेंस का जिम्मा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय और सुमित पर होगा। वहीं मिडफील्ड में राजकुमार पाल, नीलाकांत शर्मा, मनप्रीत सिंह और मोहम्मद राहील होंगे। फॉरवर्ड पंक्ति में अभिषेक, सुखजीत सिंह, हुंडल, जूनियर टीम के कप्तान उत्तम सिंह और गुरजोत सिंह रहेंगे। चीन के खिलाफ मैच से अभियान की शुरुआत करेगा भारत पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता टीम के 10 सदस्य इस टीम में हैं। भारतीय टीम आठ सितंबर को चीन के खिलाफ पहला मैच खेलेगी। इसके बाद जापान (नौ सितंबर), मलेशिया (11 सितंबर), कोरिया (12 सितंबर) और पाकिस्तान (14 सितंबर) से खेलना है। सेमीफाइनल 16 सितंबर को और फाइनल 17 सितंबर को खेला जाएगा। एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम इस प्रकार है- गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक, सूरज करकेरा. डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय और सुमित, मिडफील्डर: राजकुमार पाल, नीलाकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह और मोहम्मद राहिल, फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, अराइजीत सिंह हुंडल, जूनियर टीम के कप्तान उत्तम सिंह और गुरजोत सिंह।