News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
एक रजत और पांच कांस्य पदक सहित छह पदक जीते खेलपथ संवाद पेरिस। खेलों के महाकुंभ कहे जाने वाले ओलम्पिक का आज आखिरी दिन है। समापन समारोह के साथ पेरिस में जारी ओलम्पिक 2024 खत्म हो जाएगा। भारतीय खिलाड़ियों का ओलम्पिक में सफर समाप्त हो चुका है। इस बार भारत ने कुल छह मेडल अपने नाम किए जिनमें पांच कांस्य और एक रजत पदक शामिल है। वहीं, टोक्यो ओलम्पिक में भारत ने एक स्वर्ण के साथ सात पदक जीते थे। 26 जुलाई से शुरू हुए पेरिस ओलम्पिक के लिए भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने सात रिजर्व सहित 117 खिलाड़ियों का भारतीय दल में भेजा था। वहीं, इनके साथ 140 सहायक कर्मचारी और अधिकारी भी भारतीय दल के साथ गए थे। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि भारत ने कुल छह पदक किस खेल में जीते और कौन-कौन भारतीय खिलाड़ी पदक से चूका। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मनु ने जीता कांस्य भारत ने पहला पदक 28 जुलाई को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जीता था। स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक अपने नाम किया। वह ओलम्पिक शूटिंग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर भी हैं। फाइनल में मनु भाकर ने 221.7 का स्कोर बनाया। मिश्रित टीम ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जीता कांस्य 30 जुलाई को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में मनु भाकर ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर कांस्य जीता। इस ओलम्पिक में यह भारत का दूसरा पदक था। भारत ने कांस्य पदक के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन और ली वोन्हो की जोड़ी को 16-10 से हराया। इसी के साथ मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। वह एक ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं। पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में स्वप्निल कुसाले ने जीता कांस्य भारत को तीसरा पदक स्वप्निल कुसाले ने दिलाया। उन्होंने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में एक अगस्त को कांस्य पदक जीता। स्वप्निल महिला या पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में ओलम्पिक मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हैं। स्वप्निल का पदक अप्रत्याशित था, क्योंकि किसी ने उन्हें पदक की दौड़ में नहीं रखा था। हालांकि, उन्होंने सभी को चौंकाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीता कांस्य भारतीय पुरुष हॉकी टीम से पेरिस ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने की काफी उम्मीद थी, स्वर्ण तो नहीं आया, लेकिन भारतीय टीम कांस्य पदक को बरकरार रखने में कामयाब रही है। भारत ने टोक्यो 2020 में 41 साल का पदक का सूखा समाप्त किया था और रमनप्रीत सिंह की अगुआई में कांस्य पदक जीता था। तीन साल बाद भारतीय टीम ने आठ अगस्त को पेरिस ओलम्पिक में भी कांस्य पदक जीता। भारत ने कांस्य पदक के मुकाबले में स्पेन को 2-1 से हरा दिया। नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक स्पर्धा में जीता रजत भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने आठ अगस्त को पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। टोक्यो ओलम्पिक में उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। हालांकि, इस बार वह अपने पदक का बचाव नहीं कर पाए। नीरज सिर्फ एक ही सफल प्रयास कर सके और उन्होंने छह में से पांच फाउल किए। पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में 57 किग्रा स्पर्धा में अमन सहरावत ने जीता कांस्य भारत ने छठा पदक नौ अगस्त को जीता। पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में 57 किलोग्राम भारवर्ग में अमन ने कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने कांस्य के मुकाबले में पुअर्तो रिको के पहलवान डैरियन टोई क्रूज को 13-5 हराकर इतिहास रचा। अमन पेरिस ओलम्पिक में भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान थे।