News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
टोक्यो में टूटे सपने को पेरिस में साकार करने का शानदार अवसर खेलपथ संवाद नई दिल्ली। पहलवान बेटी विनेश फोगाट ने पेरिस ओलम्पिक की महिला कुश्ती में वह कर दिखाया जोकि इससे पहले कोई भारतीय महिला पहलवान नहीं कर सकी थी। विनेश के फौलादी प्रदर्शन से जहां समूचा देश खुशी से झूम रहा है वहीं नेताजी और उनके चमचों में घोर निराशा है। विनेश फोगाट आज पेरिस में स्वर्ण परी बन सकती है क्योंकि उसने लगभग सभी दिग्गजों को ओलम्पिक से बाहर कर दिया है। विनेश फोगाट ने पेरिस ओलम्पिक के 50 किलोग्राम भारवर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर हर भारतवासी को पुलकित कर दिया है। अब विनेश और भारत गोल्ड मेडल से सिर्फ एक कदम दूर है। विनेश फोगाट ने सेमीफाइनल मुकाबले में क्यूबा की युसनेलिस गुज़मैन को 5-0 से हराया। विनेश के लिए पिछले कुछ साल अच्छे नहीं रहे थे। रियो ओलम्पिक 2016 में भी वह चोट के कारण मेडल तक नहीं पहुंच पाई थी, इसके बाद टोक्यो ओलम्पिक में भी वह क्वार्टर फाइनल में हार गई थी। लेकिन अब वह तरोताजा बनकर सामने आई है। विनेश ने 2016 रियो खेलों में ओलम्पिक में डेब्यू किया था। 2016 रियो ओलम्पिक में क्वार्टर फाइनल में घुटने की चोट से उनकी मेडल की उम्मीद टूट गई थी। घुटने में चोट लगने के कारण वह 48 किलोग्राम के क्वार्टर फाइनल में चीन की सुन यानान से हार गईं। इसके बाद वह 2020 में टोक्यो ओलम्पिक के क्वार्टर फाइनल में 53 किलोग्राम वर्ग में वेनेसा कलादज़िंस्काया से हार गई थीं। विनेश लगातार तीन ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं। टोक्यो ओलम्पिक के बाद भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश को सस्पेंड कर दिया था। साल 2023 भारतीय कुश्ती सर्किट में विवादों से भरा रहा था। विनेश तत्कालीन भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लम्बे समय से विरोध प्रदर्शन में शामिल थीं, जिन पर यौन शोषण और धमकी देने का आरोप लगाया गया था। विनेश ने अपने साथी पहलवानों के साथ मिलकर उनके इस्तीफे की मांग की थी। विनेश का फाइनल मैच अब सात अगस्त यानी आज खेला जाएगा। फाइनल में उनका सामना यूएसए की सारा हिल्डेब्रांट से होगा। यह मैच रात 11 बजकर 23 मिनट पर खेला जाएगा। अगर विनेश यहां मुकाबला जीत लेती है तो वह गोल्ड मेडल अपने नाम कर लेगी। देखना होगा कि वह फाइनल में कैसा परफॉर्म करती है।