News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पेरिस में बना इंडिया हाउस किसी म्यूजियम से कम नहीं रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अम्बानी ने बताई खासियत खेलपथ संवाद पेरिस। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अम्बानी ने पेरिस में इंडिया हाउस का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत अब ओलम्पिक की मेजबानी के लिए तैयार है। नीता अम्बानी ने दीप प्रज्वलित करके इंडिया हाउस की शुरुआत की। उन्होंने एक वीडियो जारी कर इंडिया हाउस के अंदर की झलक दिखाई है। यह किसी म्यूजियम से कम नहीं है। इसमें कई कमरे बनाए गए हैं, जिसमें ऐतिहासिक वस्तुएं रखी गई हैं। इसके अलावा अंदर फैंस के मनोरंजन की व्यवस्था भी है। लोक नृत्य के अलावा डांस और लाइव परफॉर्मेंस की भी व्यवस्था है। इसके अलावा एथलीट्स और भारतीय फैंस के खाने के लिए देसी खाने की भी व्यवस्था की गई है। नीता अम्बानी ने इंडिया हाउस का उद्घाटन करते हुए कहा कि आज बहुत खुशी हो रही है। यह ओलम्पिक में भारत का पहला कंट्री हाउस है। अब वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलम्पिक खेलों की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि हमारे एथलीटों के लिए यह घर से दूर एक घर बन जाए। एक ऐसी जगह जहां हम उनका सम्मान करें। कार्यक्रम में भारत की कई मशहूर हस्तियां शामिल थीं। ला विलेट में इंडिया हाउस के उद्घाटन के मौके पर नीता ने भविष्य में ओलम्पिक मेजबानी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है जब भारत भी ओलम्पिक की मेजबानी करेगा। पिछले साल अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2036 ओलम्पिक की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी की इच्छा की घोषणा की थी और देश के एक अरब 40 करोड़ लोगों के सपने को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने का संकल्प लिया था। पेरिस ओलम्पिक के शानदार उद्घाटन समारोह के बाद पूरी दुनिया का ध्यान खींचने के एक दिन बाद ओलम्पिक में पहले कंट्री हाउस इंडिया हाउस का उद्घाटन हुआ जिसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह और आईओसी के अधिकारी और प्रशासक भी शामिल हुए थे। नीता ने कहा, हम बहुत अच्छा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। हमारे खिलाड़ियों में से 47 प्रतिशत लड़कियां हैं। यह सब महिला शक्ति और हमारे युवा लड़के-लड़कियों के लिए है, हम उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं। नीता ने कहा- मुझे उम्मीद है कि हम पहली बार पदक की संख्या को दोहरे अंक में देख पाएंगे। आगे बढ़ो भारत, भारत को गौरवान्वित करो। भारत आ गया है। अब समय आ गया है कि एथेंस में पहली बार जलाई गई ज्योति हमारी प्राचीन भूमि भारत के आकाश को रोशन करे। वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलम्पिक खेलों की मेजबानी करेगा। नीता अम्बानी ने कहा- इंडिया हाउस के उद्घाटन पर यह हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए। पहली बार पेरिस ओलम्पिक 2024 में भारत का अपना घर है। यह एक ऐसी जगह है जहां हम अपने खिलाड़ियों का सम्मान करेंगे, उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाएंगे और उन्हें शुभकामनाएं देंगे। उन्होंने कहा, जब मैं ब्राजील, कोरिया में शीतकालीन ओलम्पिक और फिर टोक्यो गई थी तो हमारे पास इंडिया हाउस नहीं था। मुझे लगा कि एक करोड़ 40 लाख की जनसंख्या वाले भारत को अपना खुद का घर चाहिए। नीता ने कहा- इसलिए मैंने ओलम्पिक में अपने खिलाड़ियों और सभी को यह दिखाने के लिए एक इंडिया हाउस बनाने के बारे में सोचना शुरू किया कि भारत की भावना वास्तव में क्या है।