News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पेरिस ओलम्पिकः लवलीना, दीपिका कुमारी, श्रीजा अकुला ने बढ़ाए पदक की तरफ कदम खेलपथ संवाद पेरिस। खेलों का महाकुम्भ जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है, आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय बेटियां पदक के लिए जीजान लगा रही हैं। लवलीना, दीपिका कुमारी, श्रीजा अकुला ने अपने-अपने खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए हर भारतीय की पदक उम्मीद को जिन्दा रखा है। टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलो) ने बुधवार को यहां ओलम्पिक खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में अपने पहले मुकाबले में नॉर्वे की सुन्निवा होफ्स्टाड को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वह लगातार दूसरे ओलम्पिक में पदक जीतने और भारतीय मुक्केबाजी में अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम करने से महज एक जीत दूर हैं। हालांकि यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि अब उनका सामना चार अगस्त को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की लि कियान से होगा। इस मुकाबले में जीत से लवलीना का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाएगा। कियान ने टोक्यो ओलम्पिक में 75 किलो वर्ग में रजत पदक जीता था और रियो ओलम्पिक 2016 में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था। तीरंदाजी दीपिका प्री क्वार्टर फाइनल में भारत की अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी ने लगातार दो मुकाबले जीतकर पेरिस ओलम्पिक महिला व्यक्तिगत वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। कुछ दिन पहले भारतीय महिला तीरंदाजों की टीम क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड से हार गई थी जिसमें दीपिका के प्रदर्शन की काफी आलोचना हुई थी। दीपिका ने व्यक्तिगत वर्ग में पहले एस्तोनिया की रीना परनाट को शूटआफ में 6-5 से हराया। इसके बाद नीदरलैंड की क्विंटी रोफेन को 6-2 से मात दी। अब उनका सामना प्री क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की मिशेले क्रोपेन से होगा। पैडलर श्रीजा अकुला और मनिका बत्रा प्री क्वार्टर फाइनल में भारत की श्रीजा अकुला ने सिंगापुर की जियान झेंग को कड़े मुकाबले में 4-2 से हराकर पेरिस ओलम्पिक टेबल टेनिस महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। अपने 26वें जन्मदिन पर श्रीजा ने 9-11, 12-10, 11-4, 11-5, 10-12, 12-10 से जीत दर्ज की। इससे पहले मनिका बत्रा भी अंतिम 16 में जगह बना चुकी हैं। भारतीय टेबल टेनिस के इतिहास में यह पहली बार हुआ है। श्रीजा का सामना अब चीन की नम्बर एक खिलाड़ी सुन यिंगशा से होगा।