News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पीवी सिंधू ने कहा- कितनी प्यारी हो तुम मनु! खेलपथ संवाद नई दिल्ली। निशानेबाज मनु भाकर का पेरिस ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन जारी है। स्टार निशानेबाज ने पहली बार 28 जुलाई को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। वह ओलम्पिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बनीं। दो दिन बाद, मनु ने मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में एक और कांस्य पदक जीता। वह स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बन गईं जिन्होंने ओलम्पिक के एक संस्करण में दो पदक जीते हों। मनु अब अपनी उपलब्धियों के साथ उभरते एथलीटों के लिए एक प्रेरणा बन गई हैं और एक इंटरव्यू में उनके हालिया खुलासे ने उनके कद को और बढ़ा दिया है। उन्होंने स्पोर्टस्टार से बताया, 'मैंने हमेशा भारतीय खेल इतिहास के महान खिलाड़ियों को जाना है। मेरे समय में मैं हमेशा (पीवी) सिंधू और नीरज (चोपड़ा) को जानती थी। मैंने हमेशा उनकी कड़ी मेहनत के लिए उनकी सराहना की है। एक बार मैंने सिंधू का बचाव करने के लिए एक फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। कुछ हेटर्स ने कमेंट किया और मैं इतनी ट्रिगर हो गई कि मैंने उस पर उसका बचाव करने के लिए एक फेक अकाउंट बनाया था। मनु के 'एक्स' पर आए खुलासे पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधू ने लिखा, 'कितनी प्यारी हो तुम!! दो ओलम्पिक पदक क्लब मनु में आपका स्वागत है !! और आगे जाना है।' भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ पेरिस ओलम्पिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में दक्षिण कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16-10 से हराकर देश को इस ओलंपिक में दूसरा पदक दिलाया। टोक्यो ओलम्पिक में मनु पिस्टल में खराबी आने के कारण फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थीं, लेकिन यहां दो पदक जीतकर उन्होंने हर जख्म पर मरहम लगा दिया। ब्रिटिश मूल के भारतीय खिलाड़ी नॉर्मन प्रिचर्ड ने 1900 ओलम्पिक में 200 मीटर स्प्रिंट और 200 मीटर हर्डल में रजत पदक जीते थे, लेकिन वह उपलब्धि आजादी से पहले की थी। मनु को अभी 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी उतरना है और वह इस ओलम्पिक में पदकों की हैट्रिक भी लगा सकती हैं। सरबजोत 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत वर्ग में क्वालीफिकेशन में 577 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे थे और फाइनल में जगह नहीं बना सके थे। मनु ने जीत के बाद कहा, 'मैं बहुत ही गर्व महसूस कर रही हूं। सभी को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम हर चीज को नियंत्रित नहीं कर सकते। हम बस अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश कर सकते हैं। यहां आने से पहले, मैंने और सरबजोत ने एक-दूसरे से कहा था हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे और चाहे जो भी हो, हम इसे स्वीकार करेंगे और आखिरी शॉट तक लड़ते रहेंगे।' मनु अब दो अगस्त को 25 मीटर महिला पिस्टल क्वालीफिकेशन के लिय उतरेंगी। उन्होंने 2023 विश्व चैंपियनशिप और 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। 22 वर्ष की मनु नौ विश्व कप स्वर्ण पदक भी जीत चुकी हैं। वहीं सरबजोत भी विश्व चैम्पियनशिप, विश्व कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता हैं।