News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
मां सुमेधा ने कहा- बेटी का तप सफल हुआ खेलपथ संवाद झज्जर। पेरिस ओलम्पिक में झज्जर की शूटर मनु भाकर के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर उनके पैतृक गांव गोरिया में जमकर जश्न मनाया गया। ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों को अपनी बेटी पर खूब गर्व है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने मनु भाकर को जीत पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मनु की मां सुमेधा ने कहा कि बेटी का तप सफल होने की हर भारतीय की तरह मुझे भी बहुत खुशी है। टोक्यो ओलम्पिक में मनु की पिस्टल खराब हो गई थी। 20 मिनट तक वे निशाना नहीं लगा पाईं। पिस्टल ठीक हुई, तब भी मनु सिर्फ 14 शॉट लगा पाईं और फाइनल की रेस से बाहर हो गई थीं। मनु निराश थीं, लेकिन उन्होंने वापसी की और पेरिस ओलम्पिक में देश को मेडल दिलाया। मनु भाकर ने भारत को ओलम्पिक में 12 साल बाद शूटिंग में मेडल दिलाया है। ओपी धनखड़ ने कहा कि मनु ने देश की झोली में पहला पदक डाल दिया है। अब देशवासियों को अन्य खिलाड़ियों से भी बेहद उम्मीदें हैं। धनखड़ ने उम्मीद जताई है कि अब देश की झोली पदकों से भरने जा रही है।हरियाणा की बेटा की सफलता पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मनु भाकर को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने मनु के समर्पण, कड़ी मेहनत और दृढ़ता की प्रशंसा की, जिसके कारण वह वैश्विक मंच पर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल करने में सफल रही। मां ने कहा- मनु कई खेलों में आजमा चुकी है हाथ फरीदाबाद। पेरिस ओलम्पिक में मनु भाकर की सफलता का जश्न फरीदाबाद में भी मनाया गया। मूल रूप से झज्जर निवासी मनु के माता-पिता फरीदाबाद के सूरजकुंड के पास फ्लैट में रहते हैं। उनकी मां सुमेधा और पिता रामकृष्ण को बधाई देने कई लोग उनके घर पहुंचे। सत्ता पक्ष में विपक्ष के नेताओं ने भी उन्हें मुबारकबाद दी। मनु की मां सुमेधा ने इस मौके पर बताया कि मनु स्केटिंग, मुक्केबाजी सहित कई खेलों में हाथ आजमा चुकी है। दसवीं कक्षा में मुक्केबाजी की नेशनल प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद उसने निशानेबाजी में करियर बनाया। मां का कहना है कि मनु के लौटने पर बेहतरीन तरीके से उसका स्वागत किया जाएगा। मनु के संघर्ष के बारे में उन्होंने कहा कि वह 2018 से इसके लिए प्रयास कर रही है। इस दौरान उन्होंने सभी रिश्ते-नाते एक तरफ कर दिए। अब मनु का तप सफल हुआ है, अब वह सबसे मिलेगी और उनके गिले-शिकवे दूर करेगी। चरखी दादरी में लड्डू बांटकर मनाई खुशियां चरखी दादरी : पेरिस ओलम्पिक में रविवार को शूटर मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने की खुशी में युवा जनहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों व दुकानदारों ने बाढड़ा बस स्टैंड के सामने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। मनु ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। ट्रस्ट उपाध्यक्ष मोहित फोगाट ने कहा कि मनु भाकर ने देश को ओलम्पिक में मेडल जिताकर पूरे देशवासियों को खुश होने का अवसर प्रदान किया है। मनु का चरखी दादरी से भी काफी लगाव रहा है। पूरे देश की निगाह आज मनु भाकर पर टिकी हुई थी और उससे पूरी उम्मीद थी कि वो देश की झोली में मेडल अवश्य डालेगी। मनु ने देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए कांस्य पदक जीतकर हर देशवासी को खुश होने का अवसर प्रदान किया। अशोक वर्मा, सज्जन जांगड़ा, वैद्य संजय शर्मा, हरकेश ठेकेदार, नीतिश जांगड़ा नेभी मनु की सफलता पर खुशी जताई। उधर, पुराना शहर स्थित हीरा इंडोर स्टेडियम में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन प्रधान पंकज जैन की अध्यक्षता में मनु भाकर की जीत पर खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया। महासचिव लोकेश गुप्ता की अगुवाई में सभी सदस्यों व पदाधिकारियों ने भी अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान हिमांशु, पर्णव, ताक्षी, लवीश, निधि, जतिन, मयंक इत्यादि उपस्थित रहे।