News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
राष्ट्रपति का यह प्रेरणादायक कदम भारत में बदलाव का सूचक खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल बुधवार को राष्ट्रपति भवन पहुंचीं और वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बैडमिंटन में दो-दो हाथ किए। जैसे ही दोनों विभूतियों का बैडमिंटन खेलने का वीडियो सामने आया हर कोई हैरान रह गया। राष्ट्रपति मुर्मू कई मौकों पर इस फ्रेंडली मैच के दौरान साइना नेहवाल पर भारी पड़ती नजर आईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की बैडमिंटन के खेल में कितनी रुचि है इसका पता बुधवार को नेहवाल के साथ मैच के दौरान लगाए गए शॉट को देखने के बाद ही लग सका। राष्ट्रपति के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साइना नेहवाल के खिलाफ खेलते हुए एक वीडियो पोस्ट किया गया। राष्ट्रपति भवन ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का खेलों के प्रति स्वाभाविक प्रेम तब देखने को मिला जब उन्होंने राष्ट्रपति भवन के बैडमिंटन कोर्ट में फेमस खिलाड़ी साइना नेहवाल के साथ बैडमिंटन खेला। राष्ट्रपति का यह प्रेरणादायक कदम भारत के बैडमिंटन के क्षेत्र में उभरने के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों के विश्व मंच पर एक बड़ा प्रभाव डालने के अनुरूप है।’ इस पोस्ट में आगे कहा गया, ‘पद्मश्री और पद्म भूषण से सम्मानित साइना नेहवाल 'हर स्टोरी- मॉय स्टोरी ' लेक्चर सीरीज के भाग के रूप में राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में एक व्याख्यान देंगी और दर्शकों से बातचीत करेंगी।" साइना नेहवाल ने भी राष्ट्रपति के साथ खेलने का मौका मिलने पर अपनी खुशी व्यक्त की। नेहवाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "भारत की राष्ट्रपति के साथ खेलने का सम्मान मिला। यह मेरे जीवन का एक यादगार दिन है। मेरे साथ बैडमिंटन खेलने के लिए राष्ट्रपति महोदया का बहुत-बहुत धन्यवाद।" 1990 में हिसार में जन्मी साइना नेहवाल साल 2012 के लंदन ओलम्पिक के दौरान पहली ऐसी बैडमिंटन खिलाड़ी बनी थीं जिन्होंने ओलम्पिक मेडल जीता हो। तब साइना ने वूमेंस सिंगल प्रतिस्पर्धा में बॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।