News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
कहा- पेरिस ओलम्पिक में बढ़ाओ देश का गौरव खेलपथ संवाद नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विश्वास जताया कि ओलम्पिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ी देश को गौरवान्वित करेंगे और 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। भारत पेरिस ओलम्पिक के लिए लगभग 120 खिलाड़ियों का दल भेज रहा है और उसे उम्मीद है कि इस बार वे टोक्यो ओलम्पिक से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। भारत ने टोक्यो ओलम्पिक में सात पदक जीते थे जिनमें नीरज चोपड़ा का भाला फेंक में जीता गया स्वर्ण पदक भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने ओलम्पिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के एक बड़े दल से मिलने के बाद 'एक्स' पर पोस्ट किया,‘‘ओलम्पिक के लिए पेरिस जा रहे हमारे दल से बातचीत की। मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और भारत को गौरवान्वित करेंगे। उनकी जीवन यात्रा और सफलता 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीद बंधाती है।’’ भारतीय खिलाड़ियों के दल के साथ खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा भी थीं। मोदी ने नीरज चोपड़ा, मुक्केबाज निकहत जरीन और ओलम्पिक में दो बार की पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु से वर्चुअल बातचीत भी की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगामी पेरिस ओलम्पिक में वैश्विक मंच पर चमकने के लिए भारतीय एथलीटों की क्षमताओं पर विश्वास व्यक्त किया तथा टोक्यो में उनके सराहनीय प्रदर्शन के बाद उनकी प्रतिबद्धता और तैयारी की सराहना की। प्रधानमंत्री ने मासिक मन की बात सत्र के दौरान कहा, "टोक्यो ओलम्पिक के ठीक बाद, हमारे खिलाड़ी पूरे मन से पेरिस ओलम्पिक की तैयारियों में जुट गए थे। अगर हम सभी खिलाड़ियों को मिला दें, तो उन सभी ने लगभग नौ सौ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। यह बहुत बड़ी संख्या है।" प्रधानमंत्री ने कहा, "निशानेबाजी में हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आ रही है। टेबल टेनिस में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने क्वालीफाई किया है। हमारी निशानेबाज बेटियाँ भारतीय शॉटगन टीम का भी हिस्सा हैं। इस बार हमारी टीम के सदस्य कुश्ती और घुड़सवारी में भी उन श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिनमें उन्होंने पहले कभी भाग नहीं लिया। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इस बार खेलों में अलग ही उत्साह देखने को मिलेगा।" पहले भी खिलाड़ियों से मिलते रहे हैं पीएम प्रधानमंत्री मोदी ने देश में खेल और खिलाड़ियों को बेहतर स्थिति में पहुंचाने के लिए काफी प्रयास किए हैं। खेलो इंडिया जैसे आयोजन शुरू करने के अलावा पीएम मोदी बड़े मौकों से पहले और बाद में खिलाड़ियों से बात करते हैं। 2023 टी20 विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया की हार के बाद वह ड्रेसिंग रूम में पहुंचे थे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया था। 2023 में फाइनल हारने वाली टीम के अधिकतर खिलाड़ी 2024 में चैम्पियन बनने वाली टीम का हिस्सा रहे। इससे पहले महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों की करीबी हार के बाद भी पीएम मोदी ने उनसे बातचीत की थी और ढाढस बंधाया था। मोदी के इन्हीं प्रयासों का नतीजा था कि 2023 एशियन गेम्स में भारत ने पहली बार 100 से ज्यादा पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 2024 पेरिस ओलम्पिक में भी भारतीय खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके अलावा भारत सरकार 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।