News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
63वीं राष्ट्रीय अंतर प्रदेशीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में किया कमाल खेलपथ संवाद पंचकूला। अलीगढ़ के मध्यम दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने 63वीं राष्ट्रीय अंतर प्रदेशीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। गुलवीर सिंह ने पहले पांच हजार मीटर दौड़ में गोल्ड तो उसके बाद 10 किलोमीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर अपना दमखम दिखाया। गुलवीर की इस शानदार सफलता से समूचे अलीगढ़ में खुशी की लहर है। पंचकूला हरियाणा में 27 से 30 जून तक हुई 63वीं राष्ट्रीय अंतर प्रदेशीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 10 किलोमीटर दौड़ में गुलवीर को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वह स्वर्ण पदक न जीतने से थोड़े मायूस नजर आए, लेकिन एक कप्तान के तौर पर वह खुश थे, क्योंकि उनकी टीम के ही सदस्य सहारनपुर निवासी कार्तिक कुमार ने स्वर्ण पदक जीता है। गुलवीर ने 13.34ः67 मिनट समय के साथ 5 किलोमीटर दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता था। 400 मीटर दौड़ में अलीगढ़ की ही नीरू पाठक चौथे स्थान पर रहीं। टीम के मुख्य प्रबंधक व एएमयू स्कूल के व्यायाम शिक्षक शमशाद निसार आजमी ने बताया कि नीरू भी प्रतियोगिता में शानदार दौड़ी लेकिन पदक न जीत पाने का मलाल जरूर है। इसी तरह प्रतियोगिता में सहारनपुर के कार्तिक कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और जनपद का नाम रोशन किया। लेकिन दूसरी ओर कार्तिक पेरिस ओलम्पिक का हिस्सा बनने से चूक गए। अंतरराष्ट्रीय खेल तकनीकी अधिकारी एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डाॅ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में एक ओर जहां कार्तिक ने स्वर्ण अपने नाम किया, वहीं दूसरी ओर वह ओलम्पिक में जाने से चूक गया। उन्होंने बताया कि कार्तिक कुमार ने 10 हजार मीटर की दौड़ 29 मिनट 50.11 सेकेंड में पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। लेकिन दुख की बात यह है कि वह दो मिनट 50.11 सेकेंड के समय से पिछड़कर आगामी 26 जुलाई से शुरू होने वाले 33वें पेरिस ओलम्पिक का हिस्सा बनने से रह गया। पेरिस ओलम्पिक में भाग लेने के लिए उन्हें यह दौड़ 27 मिनट में पूरी करनी थी। स्वर्ण पदक जीतने पर जिला ओलम्पिक संघ अध्यक्ष संजय गर्ग, खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना, संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर, मां शकुंबरी विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी प्रो. संदीप गुप्ता, उप खेल अधिकारी काशी नरेश यादव आदि ने खुशी व्यक्त की।