News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिपः 400 मीटर दौड़ में किया कमाल खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारतीय महिला एथलीट किरण पहल ने गुरुवार को राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले महीने से होने वाले पेरिस ओलम्पिक के लिए कोटा हासिल कर लिया है। किरण ने सेमीफाइनल में 50.92 सेकेंड का समय निकालकर महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में क्वालीफाइंग मार्क 50.95 सेकेंड था जिससे किरण अगले महीने होने वाले ओलम्पिक के लिए कोटा हासिल करने में सफल रही। यह इस सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ समय था और इसके साथ ही वह 51 सेकेंड से कम समय में रेस पूरी करने वाली दूसरी भारतीय महिला भी बनीं। वह गुजरात की देवी अनिबा जाला से आगे रहीं जिन्होंने 53.44 सेकेंड के समय से दूसरा स्थान प्राप्त किया। केरल की स्नेहा ने 53.51 सेकेंड समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। गांव गुमड़ की बेटी किरण पहल ने राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलम्पिक के लिए देश को कोटा दिलाया है। किरण ने सेमीफाइनल में 50.92 सेकेंड का समय लेकर 400 मीटर स्पर्धा में पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है। किरण के ओलम्पिक क्वालीफाई करने से परिवार व गांव में खुशी का माहौल है। किरण पहल का जन्म 5 अगस्त, 2000 को गांव गुमड़ में हुआ था। किरण के पिता ओमप्रकाश किसान थे, जिनका पिछले वर्ष देहांत हो गया था। उनकी माता माया देवी गृहिणी हैं। एक भाई दो बहनों में किरण सबसे छोटी हैं। किरण रेलवे विभाग में हेड क्लर्क की पोस्ट पर तैनात हैं। उनके बड़े भाई रविंद्र पहल गन्नौर एसडीएम कार्यालय में नौकरी करते हैं। वह रोहतक में कोच आशीष छिक्कारा की देखरेख में प्रशिक्षण ले रही थीं। वह राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। टोक्यो ओलम्पिक में भी उनका चयन 400 मीटर रिले रेस के लिए हुआ था। तब टीम के एक सदस्य के चोटिल हो जाने की वजह से टीम ओलम्पिक में हिस्सा नहीं ले पाई थी। इस बार भी किरण पहल ने अपनी मेहनत व संघर्ष से 400 मीटर रेस में ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर अपना, अपने जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। परिवार वालों व ग्रामीणों को पूरी उम्मीद है कि वह पेरिस ओलम्पिक में पदक जरूर जीतकर लाएगी।