News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
बिहार की बेटी पिता के सपनों को साकार करने से खुश खेलपथ संवाद जमुई। पेरिस में आगामी 26 जुलाई से आयोजित होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए भारतीय निशानेबाजी टीम में बिहार की एकमात्र खिलाड़ी श्रेयसी सिंह का चयन हुआ है। इसे लेकर जमुई ही नहीं बल्कि राज्य भर के लिए गौरव की बात है। श्रेयसी जमुई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने बताया कि बिहार से एकमात्र वह ऐसी खिलाड़ी हैं, जिसका चयन पेरिस में आगामी 26 जुलाई से आयोजित होने वाली निशानेबाजी प्रतियोगिता में भारत की 21 सदस्यीय खिलाड़ियों में हुआ है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी उन्हें शुक्रवार को लगभग 11 बजे मिली। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह 11 बजे भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने आईएसएसएफ से मंजूरी मिलने के बाद जानकारी दी। ओलंपिक खेल के लिए चयनित होने के बाद भावुक होते हुए श्रेयसी सिंह ने कहा कि आज दिवंगत पूर्व मंत्री और उनके पिता दिग्विजय सिंह का सपना पूरा हुआ है। उनके पिता का सपना था कि वह ओलंपिक में खेलें और देश के लिए गोल्ड मेडल जीत कर लाएं। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई से पेरिस में 2024 ओलंपिक की शुरुआत हो रही है। उनका मैच 30 और 31 जुलाई को है। साथ ही उन्होंने जमुई वासियों से अपील की है कि जब वह मैच में हों तो उनके लिए दुआ मांगें कि वह देश के लिए गोल्ड मेडल जीत कर आएं। जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय श्रेयसी सिंह ने बिहार विधानसभा की सदस्य होने के साथ-साथ 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था। जबकि फाइनल में 93 अंक बनाए थे। इस वर्ष उन्होंने 2014 एशियाई खेलों में एशिया में डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। जबकि 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश के साथ-साथ बिहार का भी नाम रोशन किया था। श्रेयसी का सपना था कि वह ओलंपिक खेलें और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतें। उन्हें उम्मीद है कि यह सपना वह पूरा जरूर करेंगी।