News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
खेल मंत्री मनसुख मांडविया और रक्षा खडसे ने आईओए पदाधिकारियों से की मंत्रणा खेलपथ संवाद नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी ऊषा के साथ बैठक की और इस साल जुलाई-अगस्त में होने वाले पेरिस ओलम्पिक की तैयारियों का जायजा लिया। मांडविया पदभार संभालते ही एक्शन में दिख रहे हैं और लगातार बैठक कर रहे हैं। मांडविया से पहले अनुराग ठाकुर पर यह जिम्मा था, लेकिन अब मांडविया नए खेल मंत्री बनाए गए हैं। मांडविया ने ओलम्पिक भवन में ऊषा सहित आईओए के शीर्ष पदाधिकारियों से मुलाकात की। एक घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक संदीप प्रधान सहित अन्य अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान मांडविया को पेरिस ओलम्पिक खेलों के लिए भारत की तैयारियों के बारे में बताया गया। पेरिस ओलम्पिक खेल इस साल 26 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे। मांडविया ने बैठक के बाद कहा, आज मैंने पहली बार आईओए के अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें उन्होंने मुझे पेरिस ओलम्पिक खेलों की तैयारी की जानकारी दी। सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। आईओए अध्यक्ष ऊषा इस बैठक से संतुष्ट दिखीं और उन्होंने कहा कि मंत्री के साथ बातचीत पेरिस जाने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा, खेल मंत्री ने खेल राज्य मंत्री के साथ ओलम्पिक भवन का दौरा किया तथा मुझे बहुत खुशी हुई कि वे आईओए और पेरिस ओलम्पिक खेलों की तैयारी के बारे में जानना चाहते थे। हमने इस बार सब कुछ अच्छा किया है और मैंने उन्हें सारी चीजों के बारे में बताया। हम हर सप्ताह सम्पर्क में रहेंगे और मुझे उम्मीद है कि ओलम्पिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छा होगा। ऊषा ने कहा, हमने इस बार खिलाड़ियों के लिए सब कुछ किया है। हमारी पहली प्राथमिकता खिलाड़ी हैं और इस बार खिलाड़ियों ने जो कुछ भी चाहा हमने उन्हें मुहैया कराया है। इसलिए उम्मीद है कि हम इस बार पिछले ओलम्पिक की तुलना में अधिक पदक जीतेंगे। मैं कोई संख्या तय करके खिलाड़ियों पर दबाव नहीं बनाना चाहती हूं। हमारे 97 खिलाड़ी पहले ही ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। हमें उम्मीद है कि पेरिस ओलम्पिक में भारत के 115 से 120 खिलाड़ी भाग लेंगे।